पेड पार्किग के खिलाफ सांकेतिक धरना शुरू
शहर में पंचकूला प्रशासन द्वारा पेड पार्किग के खिलाफ धरना शुरू।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : शहर में पंचकूला प्रशासन द्वारा पेड पार्किग बिना पॉलिसी और बिना टेंडर अलॉट करने पर पंचकूला विकास मंच ने सांकेतिक धरना शुरू कर दिया। पंचकूला विकास मंच के सदस्यों व अन्य लोगों ने रोष जताया कि नगर निगम के अधिकारी, प्रशासन और नेता नगर निगम के अंदर हुए घपले-घोटालों को, घटिया क्वालिटी की सड़कों को किन्ही फायदों से बनवाकर और यहां तक कि निगम के सामान की चोरी पर भी चुप्पी साधे बैठे हैं। ऊपर से आम जनता पर बोझ डालकर एक तरह से जनता और व्यापारियों का शोषण करने का काम किया जा रहा है। अगर आज जनता के चुने हुए प्रतिनिधि होते तो कभी भी इस तरह गलत तरीके से पेड पार्किग नहीं लगने देते। धरने में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि सीमा भारद्वाज, देव राज शर्मा, नरेन्द्र सिंह, महेश सचदेवा, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल युवा कई प्रदेश प्रभारी राहुल गर्ग, प्रदेश सचिव कृष्ण गोयल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण गुप्ता, अनिल गोयल, नरेश नारंग, एनएन पुरी, भारत भूषण अरोड़ा, सुनील वशिष्ठ और राकेश अग्रवाल थे। सीएम और विज से मिलेंगे सदस्य
पंचकूला विकास मंच के बैनर तले आई सभी संस्थाएं अपेक्षा वेलफेयर सोसायटी, लोक सर्व हितकारी सोसायटी, ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन, ज्वाइंट एक्शन कमेटी, हरियाणा प्रदेश व्यापर मंडल युवा के प्रतिनिधियों ने कहा कि आम जनता और पंचकूला के व्यापारियों पर पड़ रहे इस बोझ से प्रशासन और निगम से तुरंत बंद करवाए। इतना ही नहीं हम यह भी मांग करते हैं कि नगर निगम के सभी घोटालों की जांच और निगम की ईटों की चोरी की एफआइआर करवाने के लिए मुख्यमंत्री और अनिल विज को भी मिलेंगे, ताकि सभी रिकवरियां हो सकें और अपराधियों का भी पता चल सके।