तब्लीगी जमाती बन रहे आफत, कोरोना का बड़ा कारण बने, हरियाणा में 12 नए मरीजों की पुष्टि
हरियाणा में निजामुद्दीन से आए तब्लीगी जमाती आफत बन गए हैं। वे राज्य में कोरोना फैलने के बड़े कारण बन गए हैं। हरियाणा में 12 नए मरीज मिले हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। मरकज से लौटे तब्लीगी जमात के लोग हरियाणा के लिए आफत साबित हो रहे हैं। राज्य में कोरोना के 12 और मरीज सामने आए हैं। इससे प्रदेश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 70 पहुंच गई है। कोरोना वायरस के मरीजों की तेजी से बढ़ती संख्या के चलते प्रदेश में महामारी के स्टेज थ्री पर पहुंचने का खतरा मंडराने लगा है।
अब तक 70 मरीजों में कोराेना पॉजिटिव की पुष्टि, 51 मरीजों के संपर्क में रहे लोगों का सुराग नहीं
प्रदेश में अभी तक तब्लीगी समाज के 28 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। संक्रमित तब्लीगियों के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी नहीं मिलने से सरकार की मुश्किलें बढ़ती दिख रही। प्रदेश में कुल 70 लोग महामारी की चपेट में आए हैं, जबकि इनमें से सिर्फ 19 लोगों के ही संपर्क में रहे 430 लोगों की निगरानी हो पा रही है। 51 मरीजों के संपर्क में कौन लोग रहे और यह कहां-कहां गए, इसकी जानकारी किसी को नहीं। अगर इन लोगों का जल्द ही सुराग नहीं मिला तो यह महामारी के फैलने का बड़ा कारण हो सकते हैं।
संक्रमित लोगों में से 21 मरीज हरियाणा से बाहर के हैं। एक व्यक्ति नेपाल से आया है, जबकि पांच तमिलनाडु, तीन केरल, तीन पश्चिम बंगाल, दो तेलंगाना, दो बिहार और एक-एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक और महाराष्ट्र के हैं। कुल मरीजों में से अभी केवल 15 ही ठीक हो पाए हैं, जबकि 55 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।
सबसे बुरे हालात पलवल और गुरुग्राम में जहां 17-17 संक्रमित
सबसे बुरे हालात पलवल और गुरुग्राम में हैं जहां 17-17 संक्रमित लोग सामने आए हैं। फरीदाबाद में चार, अंबाला, नूहं और सिरसा में तीन-तीन, भिवानी और पंचकूला में दो-दो तथा हिसार, करनाल, कैथल, रोहतक व सोनीपत में एक-एक मरीज मिले हैं। गुरुग्राम में नौ, पानीपत में तीन और फरीदाबाद, पलवल व सोनीपत में एक-एक मरीजों को ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है।
लॉकडाउन तोड़ने पर 1141 एफआइआर, 1655 गिरफ्तार
कोरोना से जंग में जहां प्रदेश के 98 से 99 फीसद लोग लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रहे, वहीं कुछ लोग बाज नहीं आ रहे हैं। प्रदेश में लॉकडाउन तोड़ने के कुल 4943 मामले सामने आए हैं। इनमें 1141 एफआइआर दर्ज कर 1655 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 5750 वाहनों को इंपाउंड या चालान कर सात करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले 36 लोगों पर 38 एफआइआर दर्ज की गई हैं।
प्रदेश में यह है हालात
-17 हजार 122 लोग अभी तक लौटे हैं विदेश से।
-17 हजार 552 लोगों को लिया गया है निगरानी में, जिनमें से 1039 को मिली छुट्टी।
- 16 हजार 513 लोग अभी भी निगरानी में।
- 1430 लोगों के लिए गए सैंपल। 963 की रिपोर्ट आई निगेटिव।
- 397 लोगों की रिपोर्ट का किया जा रहा है इंतजार।
- 460 लोगों को अस्पतालों में किया गया है भर्ती।