Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में इस दिन होगा विधायकों का शपथ ग्रहण, इन्हें मिल सकती है विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

    Updated: Mon, 21 Oct 2024 04:53 PM (IST)

    हरियाणा में 25 अक्टूबर को विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। विधानसभा अध्यक्ष के लिए हरविंद्र कल्याण और मूलचंद शर्मा के नाम आगे हैं जबकि विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए कृष्ण मिढा रामकुमार गौतम और घनश्याम दास अरोड़ा के नाम चर्चा में हैं। बता दें कि डॉ. रघुवीर कादियान को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है।

    Hero Image
    25 अक्टूबर को होगा विधायकों का शपथ ग्रहण (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में मंत्रियों को विभागों के बंटवारे के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष और विधानसभा उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथि भी निर्धारित हो गई है। 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे विधानसभा की बैठक बुलाई गई है। सबसे पहले विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। सबसे वरिष्ठ विधायक डॉ. रघुबीर कादियान को लगातार तीसरी बार प्रोटेम स्पीकर (अस्थाई अध्यक्ष) बनाया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डॉ. रघुवीर कादियान दिलाएंगे शपथ

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की हरी झंडी मिलते ही सोमवार को राजनीतिक एवं संसदीय मामले विभाग ने विधानसभा सचिवालय को शुक्रवार को विधानसभा की बैठक बुलाने के निर्देश जारी कर दिए। सत्र की अवधि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार सदन की बैठक दो दिन चलेगी।

    रोहतक के महम से सातवीं बार विधानसभा सदस्य बने कांग्रेस विधायक डॉ. रघुबीर कादियान विधायकों को शपथ दिलाएंगे। कांग्रेस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रह चुके डॉ. कादियान इससे पहले 2014 और 2019 में भी प्रोटेम स्पीकर के नाते विधायकों को शपथ दिला चुके हैं।

    यह भी पढ़ें- हरियाणा में आरक्षण के कोटे में कोटा: CM नायब सैनी के फैसले से अन्य राज्यों की सरकारों पर कितना पड़ेगा असर

    विधानसभा अध्यक्ष के लिए इन विधायकों का नाम आगे

    घरौंडा से भाजपा विधायक हरविंद्र कल्याण और बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा में से किसी एक को विधानसभा अध्यक्ष और जींद से विधायक डॉ. कृष्ण मिढा, सफीदों से विधायक रामकुमार गौतम और यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा को डिप्टी स्पीकर बनाया जा सकता है।

    चीफ व्हिप के लिए भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ का नाम सबसे आगे है। हरविंद्र करनाल के घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीते हैं। न तो करनाल जिले और न रोड समाज को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के करीबियों में शामिल हरविंद्र कल्याण की विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी सबसे मजबूत है।

    घनश्याम दास अरोड़ा बन सकते हैं विधानसभा उपाध्यक्ष

    इसी तरह जींद से लगातार तीसरी बार जीतने वाले कृष्ण लाल मिढ़ा विधानसभा उपाध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। भाजपा ने अभी सिर्फ एक पंजाबी चेहरे अनिल विज को मंत्रिमंडल में शामिल किया है। पिछले मंत्रिमंडल में दो पंजाबी चेहरे थे।

    यमुनानगर, जींद और हिसार में तीन पंजाबी चेहरे चुनाव जीते जिनमें घनश्याम दास अरोड़ा, कृष्ण मिढ़ा और विनोद भयाना शामिल हैं। तीनों ही मनोहर लाल के नजदीकी माने जाते हैं। हिसार से रणबीर गंगवा कैबिनेट में शामिल किए गए हैं। ऐसे में कृष्ण मिढा या घनश्याम दास अरोड़ा को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

    यह भी पढ़ें- हरियाणा: इंतजार खत्म! विभागों का हुआ बंटवारा, ग्राफिक्स में देखिए किन मंत्रियों को मिला कौनसा पोर्टफोलियो