रेवाड़ी-जयपुर के बीच दूसरी रेल लाइन का सर्वे शुरू, यात्रा होगी और सस्ती
रेवाड़ी से जयपुर तक दूसरी रेल लाइन बिछाने के लिए लोकेशन सर्वे शुरू हो गया है, जिससे यात्रा समय बचेगा और किराया कम हो सकता है।

रेवाड़ी-जयपुर के बीच दूसरी रेल लाइन का सर्वे शुरू। फाइल फोटो
HighLights
रेवाड़ी-जयपुर दूसरी रेल लाइन का लोकेशन सर्वे शुरू
34 से अधिक गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
यात्रा समय एक घंटा बचेगा, किराया भी घटेगा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। रेवाड़ी से राजस्थान के नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली और शाहपुरा होते हुए जयपुर तक दूसरी रेल लाइन बिछाने के लिए लोकेशन सर्वे शुरू हो गया है।
सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने और भूमि प्रबंधन की कार्रवाई शुरू होगी। रेलवे ने इस परियोजना के लिए हरियाणा और राजस्थान सरकार को पत्र लिखकर सहयोग मांगा है।
परियोजना के लिए रेवाड़ी के 34 से अधिक गांवों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। किसानों को मार्केट और कलेक्टर रेट पर मुआवजा मिलेगा। गांवों की सूची जल्द जारी की जाएगी। सर्वे के बाद दो साल में नई रेल लाइन बिछाने का काम पूरा करने का लक्ष्य है।
फिलहाल रेवाड़ी से जयपुर जाने के लिए बांदीकुई और अलवर होकर एक ही रेल लाइन है। इस मार्ग पर दिल्ली से जयपुर और अन्य शहरों के लिए यात्री ट्रेनें चलती हैं। मालगाड़ियों के संचालन से मार्ग पर दबाव रहता है और ट्रेनें अक्सर देरी से चलती हैं। इस रूट पर चलने वाली दो वंदे भारत सुपरफास्ट ट्रेनें भी समय पर नहीं चल पातीं।
नई लाइन बनने से दिल्ली-रेवाड़ी होकर जयपुर जाने वाले यात्रियों का करीब एक घंटा समय बचेगा और किराया भी कम हो सकता है। इससे दिल्ली से जयपुर और आगे के शहरों के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का रास्ता भी खुलेगा।