विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला के अनाथालय में 5 नाबालिगों से यौन शोषण का आरोप, हिरासत में लिया गया अधीक्षक

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:24 PM (IST)

पंचकूला के एक अनाथालय में पांच नाबालिग बच्चों ने अधीक्षक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया।

पंचकूला के अनाथालय में पांच नाबालिगों से यौन शोषण।

पंचकूला के अनाथालय में पांच नाबालिगों से यौन शोषण।

HighLights

  1. पंचकूला अनाथालय में पांच नाबालिगों ने यौन शोषण का आरोप लगाया

  2. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निरीक्षण में मामला उजागर हुआ

  3. पुलिस ने अधीक्षक को हिरासत में लिया, जांच जारी है

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला स्थित अनाथालय में पांच नाबालिग बच्चों ने संस्थान के अधीक्षक पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की टीम के निरीक्षण के दौरान बच्चों ने आपबीती सुनाई।

पुलिस ने अधीक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। निरीक्षण के समय सीजेएम बच्चों से उनके रहन-सहन, देखभाल और संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ले रहे थे।

इसी दौरान तीन-चार बच्चों ने उनसे अकेले में बात करने की इच्छा जताई। बच्चों ने संकेत दिया कि संस्थान में उनके साथ कुछ गलत हो रहा है और वे इस बारे में दूसरों के सामने बात करने में सहज नहीं हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की चेयरपर्सन को मौके पर बुलाया गया। सीजेएम और चेयरपर्सन की मौजूदगी में पांच नाबालिगों ने अधीक्षक पर यौन शोषण के आरोप लगाए। शिकायत सुनने के बाद सीजेएम ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम अनाथालय पहुंची और अधीक्षक को हिरासत में ले लिया। पुलिस बच्चों के बयान और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। बच्चों को दबाव, धमकी और मानसिक प्रताड़ना से बचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।