पंचकूला के काली माता मंदिर में निकली सुदर्शन चक्र जैसी आकृति, रंगीन मूर्ति के विवाद पर रुका था निर्माण कार्य
कालका के काली माता मंदिर में नवनिर्माण के लिए हो रही खोदाई के दौरान एक बार फिर सुदर्शन चक्र जैसी ...और पढ़ें

शक्ति पीठ काली माता मंदिर में खोदाई के दौरान एक बार फिर प्राचीन आकृतियां निकली।
HighLights
कालका काली माता मंदिर में खोदाई के दौरान मिली आकृति।
सुदर्शन चक्र जैसी प्राचीन आकृति को सुरक्षित रखवाया गया।
विवाद के कारण रोका गया था कॉरिडोर का निर्माण कार्य।
राजकुमार, कालका (पंचकूला)। शक्ति पीठ काली माता मंदिर में नवनिर्माण कार्य के लिए की जा रही खोदाई के दौरान एक बार फिर प्राचीन आकृतियां निकली हैं। खोदाई के दौरान बड़ी शिला के साथ सुदर्शन चक्र जैसी आकृति निकली। माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने इसे सुरक्षित रखवा दिया है।
कुछ महीने पहले फरवरी में भी मंदिर परिसर में खोदाई के दौरान पत्थर से बनी सुदर्शन चक्र जैसी आकृति सहित अन्य आकृतियां मिली थीं। अब दोबारा ऐसी आकृति मिलने से मंदिर परिसर में पुरातन अवशेषों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
काली माता मंदिर कॉरिडोर के निर्माण को लेकर पिछले कुछ समय से रुका हुआ खोदाई का कार्य दोबारा शुरू किया गया है। इसी दौरान बड़ी शिला और सुदर्शन चक्र जैसी आकृति सामने आई।
पहले भी उठे थे प्राचीन आकृतियों की सुरक्षा पर सवाल
फरवरी में खोदाई के दौरान मिली एक रंगीन मूर्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उस समय लोगों ने मूर्ति को प्राचीन मानने के बजाय नया बताते हुए आरोप लगाया था कि इसे किसी ने जानबूझकर गड्ढे में डाला है।
इस संबंध में काली माता मंदिर के पूर्व महंत एवं श्री 1008 महामंडलेश्वर दर्शन गिरी जी महाराज के साथ लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में खोदाई के दौरान निकल रही आकृतियों की कथित तौर पर उचित देखरेख नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई गई थी।
साथ ही माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के काली माता मंदिर के सचिव के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई थी। उस समय बोर्ड के सचिव ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सवाल उठाया था कि कहीं ज्ञापन देने वाले लोगों ने ही तो मूर्ति को गड्ढे में नहीं डाला।
अब दोबारा खोदाई में सुदर्शन चक्र जैसी आकृति मिलने के बाद एक बार फिर इन अवशेषों की सुरक्षा और उनके ऐतिहासिक महत्व को लेकर लोगों की नजरें मंदिर प्रशासन पर टिकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।