हरियाणा-पंजाब में पराली जलाने पर ब्रेक, अब उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश में धधक रही आग
उत्तर और मध्य भारत में पराली जलाने की घटनाएं अब पंजाब और हरियाणा से खिसककर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में केंद्रित हो गई हैं।

हरियाणा में पराली जलाने के मामलों में पिछले सात वर्षों की सबसे बड़ी ऐतिहासिक गिरावट दर्ज।
HighLights
पराली जलाने का केंद्र पंजाब-हरियाणा से यूपी-एमपी में स्थानांतरित
हरियाणा में पराली जलाने के मामलों में ऐतिहासिक गिरावट आई
किसानों पर 8.80 लाख जुर्माना, 129 एफआईआर दर्ज
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। उत्तर और मध्य भारत में पराली (धान के फसल अवशेष) जलाने का केंद्र अब पारंपरिक रूप से चर्चा में रहने वाले पंजाब और हरियाणा से खिसककर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पहुंच गया है।
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की सैटेलाइट रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को सात राज्यों में पराली जलाने की दर्ज घटनाओं में से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी 95 प्रतिशत से अधिक रही। इस दौरान उपग्रहों ने कुल 501 सक्रिय आग की घटनाएं रिकॉर्ड की।
इनमें से उत्तर प्रदेश में 278, मध्य प्रदेश में 202, पंजाब में 13, राजस्थान में पांच और हरियाणा में तीन घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि दिल्ली और उत्तराखंड में कोई मामला सामने नहीं आया।
विशेष बात यह कि हरियाणा में इस साल पूरे सीजन के दौरान पराली जलाने के मामलों में पिछले सात वर्षों (2020-2026) की सबसे बड़ी ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। सात राज्यों में पराली जलाने की कुल 19 हजार 392 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
पूरे सीजन में पंजाब (7,191) और मध्य प्रदेश (6,595) में सबसे अधिक मामले सामने आए, जबकि उत्तर प्रदेश में 3,095, राजस्थान में 1,898, हरियाणा में 359, उत्तराखंड में 247 और दिल्ली में सात घटनाएं रिकॉर्ड हुईं।
हरियाणा में वर्ष 2020 के 4063 और 2021 के 6946 मामलों के मुकाबले इस साल अब तक महज 359 मामले सामने आए हैं।पंजाब में 2020 के 82 हजार 842 मामलों की तुलना में 90% से अधिक की कमी आई है, लेकिन पिछले वर्ष (2025 में 5,106 मामले) के मुकाबले इस साल पराली जलाने की घटनाएं बढ़कर 7,191 हो गई हैं।
मध्य प्रदेश में पिछले साल के 16 हजार 178 मामलों के मुकाबले इस साल अब तक 6,595 मामले ही दर्ज हुए हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में 2025 के 6,575 मामलों की तुलना में इस वर्ष 3,095 घटनाएं हुई हैं।
पराली जलाने के मामलों की वर्षवार स्थिति
राज्य -2020 -2021 -2022 -2023 -2024 -2025 -2026
पंजाब -82,842 -71,286 -49,888 -36,614 -10,821 -5,106 -7,191
मध्य प्रदेश -13,986 -7,888 -11,413 -12,484 -15,481 -16,178 -6,595
उत्तर प्रदेश -4,060 -3,874 -2,677 -3,748 -5,451 -6,575 -3,095
राजस्थान -1,682 -1,322 -1,266 -1,769 -2,733 -2,883 -1,898
हरियाणा -4,063 -6,946 -3,629 -2,285 -1,373 -652 -359
उत्तराखंड -1,051 -570 -472 -545 -401 -549 -247
दिल्ली -09 -04 -10 -05 -12 -05 -07
नोट : आंकड़े 27 नवंबर तक के हैं।
जींद-कैथल में सर्वाधिक मामले
हरियाणा में पराली जलाने के दर्ज मामलों में कैथल में सर्वाधिक 84 मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके बाद जींद में 53, फतेहाबाद में 34, करनाल में 25, रोहतक में 24 और कुरुक्षेत्र में 22 मामले सामने आए हैं। पलवल में 17 और अंबाला में पराली जलाने के 12 मामले रिपोर्ट हुए हैं।
किसानों पर 8.80 लाख रुपये जुर्माना
पराली जलाने वाले किसानों पर 8.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अब तक 129 एफआइआर दर्ज हुई हैं और किसानों के भूमि रिकॉर्ड में 71 रेड एंट्री की गई हैं। रेड एंट्री होने के कारण यह किसान दो साल तक अपनी फसलें एमएसपी पर नहीं बेच पाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।