पंचकूला से उपलब्धियों के साथ सृष्टि गुप्ता की विदाई, अब 2021 बैच की IPS अदिति सिंह संभालेंगीं DCP की कुर्सी
पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता को उपलब्धियों और सम्मान के साथ विदाई दी गई, उनके कार्यकाल में अपराधों में उल्लेखनीय ...और पढ़ें

2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह।
HighLights
DCP सृष्टि गुप्ता को सम्मानपूर्वक पंचकूला से विदाई दी गई।
उनके कार्यकाल में अपराधों में 25-31% तक की कमी आई।
सृष्टि गुप्ता ने कहा- हर उपलब्धि मेरी नहीं, टीमों की मेहनत का परिणाम।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। उपलब्धियों और सम्मान के साथ डीसीपी सृष्टि गुप्ता की पंचकूला से सोमवार के साथ विदाई हुई। अब उनकी जगह 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह डीसीपी की कुर्सी संभालेंगी।
सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में हुए विदाई कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर सृष्टि गुप्ता को सम्मानित किया। उनके नेतृत्व, संवेदनशील कार्यशैली और जनसरोकारों को याद करते हुए पूरे पुलिस बल ने उनके योगदान की सराहना की।
इस दौरान सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पंचकूला की हर उपलब्धि उनकी नहीं, सभी टीमों की मेहनत का परिणाम है। चार जून 2025 से 13 जुलाई 2026 तक के कार्यकाल में डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने सकारात्मक पुलिसिंग, जनसहभागिता और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस रखते हुए महिला विरुद्ध अपराधों में 26 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई। वाहन चोरी के मामलों में 27.5 प्रतिशत, चोरी की घटनाओं में 31 प्रतिशत, स्नैचिंग में 30 प्रतिशत और सेंधमारी के मामलों में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
डीसीपी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, सृष्टि गुप्ता ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा, त्वरित जांच, नशा विरोधी अभियान और गुमशुदा लोगों की तत्काल तलाश जैसे मामलों पर अपना ध्यान केंद्रित किया।

आमजन और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाया
उन्होंने आमजन और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में कई पहल कीं। लोगों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना, शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर युवाओं को नशे और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और पुलिस कर्मियों को फिटनेस और बेहतर कार्य संस्कृति के लिए प्रेरित किया।
अब जानें नई डीसीपी के बारे में
अदिति सिंह उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा की रहने वाली हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी की और यूपीएससी पास कर आईपीएस बनीं। 2021 बैच की हिमाचल प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं। वह हिमाचल प्रदेश के विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो में एसपी के पद पर कार्यरत थीं।
अदिति सिंह का कैडर अप्रैल 2026 में बदलकर हरियाणा कर दिया गया था। कैडर बदलने का कारण हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी से उनकी शादी होना है। अखिल भारतीय सेवा (आईएएस) के नियमों के तहत विवाह के बाद अधिकारी दूसरे कैडर में ट्रांसफर के लिए पात्र होते हैं।
