हरियाणा में फिर नौकरियों की बहार, हजारों सरकारी शिक्षकों की हाेगी भर्ती
हरियाणा में ग्रेड चार की भर्तियों के बाद एक बार फिर सरकारी नौकरियों की बहार आनेवाली है। राज्य सरकार जल्द ही करीब 16 हजार शिक्षकों की भर्ती करेगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा में ग्रेड चार की भर्ती के बाद जल्द ही सरकारी नौकरियों की बहार फिर आने वाली है। राज्य में जल्द ही 16 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। सरकारी स्कूलों में 16 हजार 595 नए अध्यापक नियुक्त होंगे। इसके लिए जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इनमें 8450 टीजीटी (ग्रेजुएट टीचर) और 8145 पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) शामिल हैं। इनकी सीधी भर्ती की जाएगी।
शिक्षामंत्री राम बिलास शर्मा ने बताया- 8450 टीजीटी और 8145 पीजीटी की भर्ती की प्रक्रिया शुरू
हरियाणा विधानसभा के बजअ सत्र के दौरान मंगलवार को शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंगलवार को बजट सत्र के प्रश्नकाल में उन्होंने बताया कि स्कूलों में अध्यापकों की कमी को पूरा करने के लिए चार साल में कई कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान 9870 जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेंड),1210 टीजीटी (ग्रेजुएट टीचर) तथा 8291 पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) की सीधी भर्ती की गई। इनमें से 8376 जेबीटी, 1137 टीजीटी और 2159 पीजीटी अध्यापक स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा 1942 टीजीटी और 5291 पीजीटी अध्यापकों के पद पदोन्नति से भरे गए हैं।
थानेसर के विधायक सुभाष सुधा के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री ने बताया कि थानेसर शहर में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। इस स्कूल के भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा और इसी वित्त वर्ष 2019-20 के अंत तक पूर्ण भी हो जाएगा।
पूरक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के ही गांव बीड़ मथाना में बनने वाले स्कूल के भवन के लिए धनराशि मंजूर हो चुकी है। इसी तरह भिवानी के गांव धारणवास में सरकारी कन्या स्कूल के नए भवन के लिए भी 30 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। नए शैक्षणिक सत्र में इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।