सेक्टर-47 में एयरफोर्स कर्मी ने लगाया फंदा
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : सेक्टर-47 में एयरफोर्स के एक कर्मचारी ने शनिवार सुबह 11 बजे डिप
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : सेक्टर-47 में एयरफोर्स के एक कर्मचारी ने शनिवार सुबह 11 बजे डिप्रेशन के चलते पंखे से लटककर जान दे दी। कर्मी मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था और उसका परिवार गांव गया हुआ है। पुलिस ने पूरी पहचान उजागर नहीं की है। सुबह ऑफिस न पहुंचने पर जब स्टाफ के लोग उसके घर आए, तो वह पंखे से लटका मिला। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने फंदे से उतार उसे जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक संजय पत्नी और एक बेटे के साथ सेक्टर-47 स्थित मकान नंबर-140ए में रहता था। वह एयरफोर्स में सिपाही था। वह शनिवार को घर में अकेला था। इस बीच उसने कमरे में लगे पंखे से लटककर जान दे दी। सेक्टर-31 थाना प्रभारी गुरजीत कौर ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वह बीमारी के चलते पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में रहता था। जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार को जानकारी दे दी गई है।