हरियाणा के सभी नगर निकायों में बनेंगी स्मार्ट रोड, कम्युनिटी सेंटरों का होगा एक जैसा डिजाइन
हरियाणा के सभी 87 नगर निकायों में स्मार्ट रोड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
-1795094049088_m.webp)
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए।
HighLights
सभी 87 नगर निकायों में स्मार्ट रोड बनाने का लक्ष्य।
कम्युनिटी सेंटरों का डिजाइन एक समान और आधुनिक होगा।
सड़कों पर साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और वर्षा जल निकासी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के शहरों में अब सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं रहेंगी, बल्कि उन्हें पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और आम नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
प्रदेश के सभी 87 नगर निकायों में स्मार्ट रोड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, शहरों में बनने वाले कम्युनिटी सेंटरों का डिजाइन भी एक जैसा और आधुनिक होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में इन दोनों परियोजनाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्युनिटी सेंटरों के लिए प्रदेशभर में एक मानक डिजाइन तैयार किया जाए, ताकि इनका स्वरूप एकरूप, आकर्षक और आधुनिक हो। इनके निर्माण में गुणवत्ता, उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग और सभी आयु वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 11 नगर निकायों में स्मार्ट रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 10 नगर निकायों में परियोजनाएं स्वीकृति सहित विभिन्न चरणों में हैं, जबकि 23 नगर निकायों में परियोजनाएं प्रशासनिक स्वीकृति के स्तर पर हैं। शेष नगर निकायों में भी इस दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा।
स्मार्ट रोड परियोजनाओं में साइकिल ट्रैक, दिव्यांगजनों के लिए टैक्टाइल फ्लोरिंग वाले फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, पौधारोपण और सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य शामिल होंगे। इसके अलावा वर्षा जल निकासी के लिए स्टार्म वाटर ड्रेन, भूमिगत यूटिलिटी डक्ट, यातायात संकेतक और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा तथा मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।