विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हवाई टिकटों की बुकिंग में 7.64 करोड़ की धोखाधड़ी, एअर इंडिया को हाई कोर्ट से झटका

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:59 AM (GMT+05:30)

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने हवाई टिकट बुकिंग में 7.64 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में एअर इंडिया की याचिका खारिज कर दी है।

हवाई टिकट धोखाधड़ी मामले में एअर इंडिया को झटका।

हवाई टिकट धोखाधड़ी मामले में एअर इंडिया को झटका।

HighLights

  1. एअर इंडिया को 7.64 करोड़ रुपये की हवाई टिकट धोखाधड़ी का नुकसान

  2. पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने आरोपित महिला की अग्रिम जमानत बरकरार रखी

  3. एअर इंडिया की अग्रिम जमानत चुनौती याचिका हाई कोर्ट ने खारिज की

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हवाई टिकटों की बुकिंग में 7.64 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में एअर इंडिया को पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से झटका लगा है। हाई कोर्ट ने धोखाधड़ी की महिला आरोपित को अग्रिम जमानत देने के फैसले को चुनौती देने वाली एअर इंडिया की याचिका खारिज कर दी है।

हाई कोर्ट ने कहा कि निचली अदालत ने महिला की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद ही जमानत देने का फैसला किया था। आदेश में ऐसा कुछ नहीं है, जिसके आधार पर इसे अनुचित या न्याय में बाधा डालने वाला माना जा सके।

क्या है पूरा मामला?

एअर इंडिया के प्रतिनिधि ने 28 दिसंबर 2023 को शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि एसके ट्रैवल्स और चरण सिंह ट्रैवल्स के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर हवाई टिकट बुक किए गए।

यात्रियों ने टिकटों पर सफर भी कर लिया, लेकिन बाद में संबंधित बैंकों के माध्यम से भुगतान वापस करा लिया गया। इससे एअर इंडिया को टिकटों की रकम नहीं मिल सकी। जांच में ऐसी 236 टिकट बुकिंग सामने आईं। इनके कारण एअर इंडिया को 7 करोड़ 64 लाख 20 हजार 262 रुपये का नुकसान होने का आरोप है।

इस संबंध में 20 सितंबर 2024 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। महिला इरा एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक होने के साथ कंपनी में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी भी रखती थी।

एअर इंडिया ने हाई कोर्ट में दी थी चुनौती

महिला को गुरुग्राम की अतिरिक्त सत्र अदालत ने 17 अप्रैल 2026 को अग्रिम जमानत दी थी। एअर इंडिया ने इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी। हाई कोर्ट ने पाया कि वर्ष 2024 से जांच चल रही थी, लेकिन ऐसा कोई साक्ष्य सामने नहीं आया जिससे महिला से हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी साबित हो।

मामला मुख्य रूप से दस्तावेजों पर आधारित था और निचली अदालत ने महिला को जांच में सहयोग करने तथा संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। हाई कोर्ट ने यह भी ध्यान दिया कि जांच पूरी होने के बाद आरोपपत्र दाखिल हो चुका है और महिला को 14 अगस्त 2026 को नियमित जमानत भी मिल गई थी। ऐसे में अग्रिम जमानत के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका निष्प्रभावी हो चुकी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।