विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल टली, त्योहारों पर यात्रियों को नहीं होगी परेशानी

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:25 PM (IST)

हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। परिवहन अधिकारियों और कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बीच बैठक में ...और पढ़ें

हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है।

हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है।

HighLights

  1. रोडवेज कर्मचारियों की दो दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल टली

  2. परिवहन अधिकारियों संग बैठक में कई मांगों पर सहमति

  3. त्योहारी सीजन में यात्रियों को आवागमन में नहीं होगी दिक्कत

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की वीरवार और शुक्रवार को प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। बुधवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की परिवहन आयुक्त अतुल द्विवेदी और महानिदेशक निखिल गजराज के साथ साढ़े चार घंटे चली बैठक में कई मांगों पर सहमति बन गई। आठ मांगों पर चर्चा के लिए 25 नवंबर को परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ दोबारा बैठक होगी।

हड़ताल टलने से अब यात्रियों को त्योहारी सीजन में कहीं आने-जाने में दिक्कत नहीं आएगी। मीटिंग में सहमति बनी कि दूसरे राज्यों में बिना टिकट यात्री मिलने पर कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।

पांच मई 2023 के आदेश को वापस ले लिया गया है। वर्कशाप कर्मचारियों को पहले की तरह साल में सरकारी छुट्टियां देने की मांग पर विभाग नियमों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगा। कर्मचारियों की 28-29 मार्च 2022, 24 जनवरी 2024, 16 फरवरी 2024, 9 जुलाई 2024 और 12 फरवरी 2026 की हड़ताल को छुट्टी मानने का प्रस्ताव विचाराधीन है।

हिसार डिपो के कर्मचारियों की 29 अक्टूबर से चार नवंबर तक की हड़ताल को ड्यूटी मानने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। कंडक्टर दीपक और सोनू तथा ड्राइवर सीलक राम का मौजूदा डिपो से रोहतक डिपो में ट्रांसफर करने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

स्टेटिस्टिकल असिस्टेंट, वर्कशाप के विभिन्न पदों, सब-इंस्पेक्टर और यार्ड मास्टर के खाली पद प्रमोशन से भरने के निर्देश दिए गए हैं। वर्कशाप के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी प्रमोशन का मौका मिलेगा।

कर्मचारी यूनियन वर्ष 2016 की भर्ती के तहत करीब 350 कर्मचारियों को पक्का करने की मांग कर रही हैं। तब से किसी कर्मचारी को बोनस नहीं मिला है, जो अब 85 करोड़ रुपये बनता है। विभाग में इंस्पेक्टर के 244 और सब इंस्पेक्टर के 614 खाली पदों को भरने के लिए कर्मचारी नेता दबाव बनाए हुए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।