त्योहारों के दिनों में हरियाणा में कोरोना से जंग में शामिल होंगे धर्म गुरु, खिलाड़ी और एनजीओ
हरियाणा में कोरोना वायरस के त्योहारों के समय और बढ़ने की आशंका है। त्योहारी दिनों में राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार धार्मिक गुरुओं खिलाडि़यों और एनजीओ का सहयोग लेगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा में त्योहारों के दाैरान में कोरोना संक्रमणतेजी से फैलने का खतरा मंडराने लगा है। महामारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए 7 अक्टूबर से विशेष अभियान छेड़ा जाएगा। इस विशेष अभियान में राज्य सरकार धार्मिक गुरुओं, खिलाडि़यों और स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) का सहयाहेग लेगी। इस दौरान विभिन्न महकमे मिलकर एक साथ काम करेंगे ताकि कोरोना को और तेजी से हराया जा सके।
त्योहारों में महामारी का खतरा ज्यादा, 7 अक्टूबर से चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
हरियाणा के नए मुख्य सचिव विजय वर्धन ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य सचिवों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महामारी से निपटने के लिए सूचना, शिक्षा और संचार (आइईसी) गतिविधियों में तेजी लाई जाएगी। आरोग्य सेतू मोबाइल एप को बढ़ावा देने के साथ लोगों को टेस्टिंग के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयुष विभाग रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले उपायों पर जोर देगा।
लोगों को टेस्टिंग के लिए किया जाएगा प्रेरित, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर जोर
मुख्य सचिव विजय वर्धन ने बताया कि कोरोना के खिलाफ जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए धर्म-गुरुओं, प्रसिद्ध खिलाडिय़ों और गैर सरकारी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिये भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। लोगों को इस दौरान कोरोना से बचाव के नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने बताया कि हरियाणा में मेडिकल और लिक्विड ऑक्सीजन के उत्पादन एवं उपलब्धता की कोई कमी नहीं है। सरकार द्वारा सरकारी और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक निगम, गृह तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा, विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल और सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक पीसी मीणा ने भी अपनी बात रखी।