Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में बढ़ी हरियाणा की शान, रेखा गुप्ता बनी CM तो मनजिंदर सिंह को कैबिनेट में जगह; 6 नेताओं ने और बढ़ाया मान

    Updated: Thu, 20 Feb 2025 07:40 PM (IST)

    हरियाणा की रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके मंत्रिमंडल में मनजिंदर सिंह सिरसा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। रेखा गुप्ता जींद जिले के नंदगढ़ गांव की रहने वाली हैं जबकि मनजिंदर सिंह सिरसा सिरसा जिले के रहने वाले हैं। दिल्ली में हरियाणा मूल के 11 नेताओं ने चुनाव लड़ा था जिनमें से सात की जीत हुई है।

    Hero Image
    दिल्ली में बढ़ी हरियाणा की शन, रेखा गप्ता से लेकर मनजिंदर सिंह सिरसा को मीली कैबिनेट में जगह;

    अनुराग अग्रवाल,चंडीगढ़। हरियाणा के जींद जिले के गांव नंदगढ़ की बेटी रेखा गुप्ता के दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने से राज्य में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में हरियाणा के सिरसा जिले के रहने वाले भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा को मंत्री बनाया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मनजिंदर सिरसा को स्वास्थ्य, शहरी विकास और उद्योग विभागों का कार्यभार सौंपा गया है। दिल्ली में हरियाणा मूल के 11 नेताओं ने चुनाव लड़ा था, जिनमें सात की जीत हुई है। चुनाव जीतने वालों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा समेत भाारतीय जनता पार्टी के छह विधायक शामिल हैं।

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की शाहदरा विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं, जबकि मनजिंदर सिंह सिरसा राजौरी गार्डन से चुनाव जीते हैं। मनजिंदर सिरसा भाजपा के प्रमुख सिख नेता और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं।

    उनकी गिनती केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के करीबियों में होती है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने दिल्ली के भाजपा विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। धनखड़ के नेतृत्व में भाजपा ने दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी।

    विधायक दल की बैठक में चुना गया था मुख्यमंत्री

    रेखा गुप्ता को बुधवार को दिल्ली भाजपा विधायक दल की मीटिंग में मुख्यमंत्री चुना गया था। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ ओमप्रकाश धनखड़ ने हरियाणवी परंपरा के अनुसार उनको शगुन देकर बधाई दी।

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को दिल्ली की नव निर्वाचित सीएम रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे। नायब सैनी ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

    नायब सैनी ने कहा कि मैं रेखा और दिल्ली के लोगों को बधाई देता हूं। दिल्ली के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों पर मुहर लगाई है। अब दिल्ली की प्रगति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। विकास की नई ऊंचाइयों के साथ दिल्ली विकसित बनने की ओर अग्रसर हो गई है। मां यमुना दिल्ली की पहचान बनेगी तथा भाजपा सरकार दिल्ली को आधुनिक राजधानी बनाएगी।

    'हरियाणा की बेटी हूं...'

    इस दौरान रेखा गुप्ता का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद को हरियाणा की बेटी बता रही हैं। यह वीडियो विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जब हरियाणा के सीएम नायब सैनी उनके लिए प्रचार करने शालीमार बाग पहुंचे थे। नायब सैनी जब जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तब उन्होंने स्वयं को मिली मालाएं रेखा गुप्ता को दे दी।

    उसी समय रेखा गुप्ता ने नायब सिंह सैनी को बताया कि वे हरियाणा की बेटी हैं। उनका जन्म जींद जिले के जुलाना हलके के गांव नंदगढ़ में हुआ है। इसके बाद सीएम सैनी ने मुस्कुराते हुए रेखा गुप्ता के सिर पर हाथ रखा।

    नंदगढ़ गांव में रेखा गुप्ता ने अपने बचपन के दो साल गुजारे। फिर उनका परिवार दिल्ली चला गया था। परिवार के अन्य सदस्य आज भी जुलाना में रहते हैं। जुलाना से विनेश फौगाट कांग्रेस की विधायक हैं।

    'दिल्ली को का वास्तविक दर्जा दिलाएगी भाजपा'

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और कुशल नेतृत्व में दिल्ली की डबल इंजन सरकार लोक कल्याणकारी नीतियों के साथ सुशासन तथा समग्र विकास के नये आयाम स्थापित करेगी।

    हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि सुषमा स्वराज के बाद एक बार फिर हरियाणा की बेटी के सिर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री पद का ताज सजा है। 27 साल से दिल्ली में विपक्षी दलों के शासन की वजह से विकास पर ग्रहण लगा हुआ था, जो हट गया है।

    पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट के मंत्री मिलकर दिल्ली की जनता के हित में काम करेंगे। भाजपा दिल्ली को वह दर्जा दिलाने का काम करेगी, जो देश की राजधानी का होना चाहिए।

    यह भी पढ़ें- Delhi CM Rekha Gupta: हरियाणा के जींद की बेटी, तो चरखीदादरी की बहू हैं सीएम रेखा गुप्ता; देखें यादगार तस्वीरें