हरियाणा में पूर्व रामनिवास सूरजखेड़ा ने मांगी जमानत, 225.51 करोड़ के घोटाले में ईडी ने किया था गिरफ्तार
पूर्व विधायक रामनिवास सूरजखेड़ा ने 225.51 करोड़ रुपये के एचएसवीपी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दूसरी जमानत याचिका दायर ...और पढ़ें

पूर्व विधायक की जमानत याचिका पर 20 नवंबर को होगी सुनवाई। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
रामनिवास सूरजखेड़ा ने दूसरी जमानत याचिका दायर की।
225.51 करोड़ रुपये के एचएसवीपी घोटाले से जुड़ा मामला।
हाई कोर्ट ने पहले ही जमानत याचिका खारिज की थी।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के 225.51 करोड़ के घोटाले और मनी लाॅन्ड्रिंग मामले में पूर्व विधायक रामनिवास सूरजखेड़ा ने दूसरी जमानत याचिका दायर की है।
पंचकूला की विशेष पीएमएलए अदालत ने याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी। मामला एचएसवीपी के बैंक खातों से सरकारी धन की अवैध निकासी से जुड़ा है।
इस संबंध में सेक्टर-7 थाने में पहली एफआईआर सात मार्च 2023 को दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता एचएसवीपी के मुख्य लेखाधिकारी एवं डीडीओ चमन लाल ने आरोप लगाया था कि पंजाब नेशनल बैंक की मनीमाजरा शाखा के एक खाते से 2015 से 2019 के बीच करीब 70 करोड़ रुपये के संदिग्ध डेबिट ट्रांजेक्शन हुए।
जांच में पता चला कि यह खाता एचएसवीपी की कैश ब्रांच और आईटी विंग के आधिकारिक रिकाॅर्ड में दर्ज नहीं था। ईडी ने 26 अक्टूबर 2023 को ईसीआईआर दर्ज कर मनी लाॅन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की।
बैंक खातों में भी संदिग्ध लेनदेन मिला था
जांच में एचएसवीपी के 10 अन्य बैंक खातों में भी संदिग्ध लेनदेन सामने आए। ईडी के मुताबिक, कुल 225.51 करोड़ रुपये के सरकारी धन का गबन किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, रामनिवास वर्ष 2017 तक एचएसवीपी में अकाउंट्स असिस्टेंट और सह-आरोपित सुनील कुमार बंसल वर्ष 2019 तक वरिष्ठ लेखाधिकारी थे।
ईडी का आरोप है कि दोनों ने पदों का दुरुपयोग कर अन्य लोगों के बैंक खातों में सरकारी धन ट्रांसफर कराया। इनमें जमीन अधिग्रहण का मुआवजा लेने आए लोगों और उनके परिवार के सदस्यों के खाते भी शामिल थे।
जून 2025 में हुई थी गिरफ्तारी
ईडी ने नौ जून 2025 को रामनिवास सूरजखेड़ा और सुनील कुमार बंसल को गिरफ्तार किया था। रामनिवास की नियमित जमानत याचिका हाई कोर्ट ने 25 मार्च 2026 को खारिज कर दी थी।