Rajya Sabha elections में BJP की रणनीति से Congress हुई सतर्क, सोनिया से मिले हुड्डा
Rajya Sabha elections भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर उन्हें मौजूदा राजनीतिक हालातों से अवगत कराया।
जेएनएन, नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा की रणनीति से कांग्रेस सतर्क हो गई है। सोमवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर उन्हें मौजूदा राजनीतिक हालातों से अवगत कराया। हुड्डा ने हरियाणा से तीन राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के मद्देनजर सोनिया गांधी से चर्चा की।
भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति ने रविवार देर सायं राज्यसभा की तीनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। इसके बाद से ही यह माना जा रहा है कि भाजपा पिछली बार की तरह राज्यसभा चुनाव में बड़ा दाव खेलने जा रही है। राज्य में 90 विधायकों में से कांग्रेस के 31 विधायक हैं। इनमें से भी एक विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा इन दिनों गंभीर बीमारी के चलते बिस्तर पर हैं। ऐसे में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए बेशक कांग्रेस को 30 विधायकों की जरूरत है। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मनोहर सरकार से समर्थन वापस लेने वाले महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू भी कांग्रेस के संपर्क में हैंं मगर बावजूद इसके भाजपा ने तीनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला कर कांग्रेस की परेशानी बढ़ा दी है।
राज्यसभा की एक सीट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा का कार्यकाल पूरा होने पर खाली हो रही है। इस सीट पर अब तक यह माना जा रहा था कि पार्टी हाईकमान सैलजा को ही अपना उम्मीदवार बनाएगी, मगर पिछले कुछ दिनों से रोहतक लोकसभा सीट हारने वाले दीपेंद्र हुड्डा ने भी राज्यसभा के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद से दीपेंद्र ने उनके निवास पर शनिवार को मुलाकात भी इसी मुद्दे पर की थी।
यह भी माना जा रहा है कि भाजपा राज्यसभा की एक सीट पर कांग्रेस के कुछ विधायकों की क्रॉस वोटिंग करवा सकती है। इसके लिए भाजपा को सिर्फ दो ही कांग्रेस विधायकों का साथ चाहिए। 2018 में हुए राज्यसभा चुनाव में भी भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा इनेलो के आरके आनंद से चर्चित स्याही प्रकरण के चलते जीत गए थे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें