विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जमानत के बाद शिकायतकर्ता के खिलाफ कोर्ट जाना गलत नहीं, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

Published: Tue, 17 Nov 2026 12:39 PM (IST)

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया है कि जमानत मिलने के बाद आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना जमानत की शर्तों का उल्लंघन नहीं है।

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट (जागरण आर्काइव)

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. जमानत के बाद कानूनी कार्रवाई शर्तों का उल्लंघन नहीं।

  2. केवल इस आधार पर जमानत रद्द नहीं की जा सकती।

  3. न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप पर ही जमानत रद्द होगी।

राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी आरोपी का जमानत मिलने के बाद शिकायतकर्ता कंपनी के खिलाफ अदालतों में कानूनी कार्रवाई करना अपने आप में जमानत की शर्तों का उल्लंघन नहीं माना जा सकता।

केवल इस आधार पर आरोपी की जमानत रद्द नहीं की जा सकती कि उसने अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए शिकायतकर्ता के खिलाफ विभिन्न अदालतों का दरवाजा खटखटाया है। '

न्यायमूर्ति विक्रम अग्रवाल ने डीएलएफ के पूर्व अधिकारी रमेश सांका की नियमित जमानत रद्द कराने की कंपनी की याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की।

मामला गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 थाने में आठ अगस्त 2024 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। डीएलएफ लिमिटेड की शिकायत पर पूर्व अधिकारी रमेश सांका के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 381, 385, 409 और 506 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

धमकी देकर 311 करोड़ रुपये की मांग की

कंपनी का आरोप था कि रमेश सांका एक जून 2004 से दो जुलाई 2014 तक उसके साथ जुड़े रहे और बाद में डीएलएफ साइबर सिटी डेवलपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद तक पहुंचे। कंपनी ने आरोप लगाया था कि उन्होंने गोपनीय जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी देकर 311 करोड़ रुपये की मांग की थी।

नौ दिसंबर 2025 को रमेश सांका को नियमित जमानत मिल गई थी। इसके बाद उन्होंने कंपनी के खिलाफ कर चोरी और अन्य कथित अनियमितताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की थीं। डीएलएफ ने इन्हीं कानूनी कार्रवाइयों को आधार बनाकर उनकी जमानत रद्द करने की मांग की थी।

आरोपी जमानत मिलने के बाद भी कर रहा कार्यवाही

हाईकोर्ट ने कहा कि जमानत रद्द करना एक असाधारण कदम है। इसके लिए ठोस और प्रभावशाली कारण होने चाहिए। केवल यह तथ्य कि आरोपी जमानत मिलने के बाद भी कानूनी कार्यवाही कर रहा है, उसकी स्वतंत्रता छीनने का आधार नहीं बन सकता।

अदालत ने स्पष्ट किया कि जमानत रद्द करने के लिए यह साबित होना चाहिए कि आरोपी न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहा है, गवाहों को प्रभावित करने या डराने का प्रयास कर रहा है, जमानत की रियायत का दुरुपयोग कर रहा है अथवा न्याय से बचने के लिए फरार होने की आशंका है।

हाईकोर्ट ने कहा कि कानूनी उपाय अपनाने को किसी भी परिस्थिति में शिकायतकर्ता या अभियोजन पक्ष के गवाहों को धमकाने, डराने अथवा प्रभावित करने की कार्रवाई नहीं कहा जा सकता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।