एचएसवीपी की गलती का खामियाजा नहीं भुगतेगी आवंटी, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने रद किया प्लॉट बहाली का आदेश
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने करीब तीन दशक पुराने मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा एक महिला का प्लॉट रद्द करने का आदेश खारिज कर दिया।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (फाइल फोटो)
HighLights
हाईकोर्ट ने एचएसवीपी का प्लॉट रद्द करने का आदेश खारिज किया
सरकारी विभाग अपनी लिपिकीय गलती की सजा आवंटी को नहीं दे सकता
महिला को 10 लाख रुपये देकर प्लॉट का कब्जा मिलेगा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने करीब तीन दशक पुराने मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा एक महिला का प्लॉट रद करने का आदेश खारिज कर दिया।
अदालत ने कहा कि सरकारी विभाग अपनी लिपिकीय गलती की सजा आवंटी को नहीं दे सकता। प्लॉट रद्द करना और जमा राशि जब्त करना कठोर कदम है, जिसे अंतिम विकल्प के तौर पर ही अपनाया जाना चाहिए।
न्यायमूर्ति विकास बहल और न्यायमूर्ति दिव्या शर्मा की खंडपीठ ने 27 दिसंबर 1995 का आदेश रद्द किया। मामला पंचकूला के सेक्टर-26 (एक्सटेंशन) में छह मरले के प्लॉट का है।
आवंटन पत्र में बेटी को बतााय पत्नी
महिला को 22 मई 1995 को जारी आवंटन पत्र में संबंधित व्यक्ति की बेटी के बजाय पत्नी बता दिया गया था। हुडा ने बाद में इसे लिपिकीय गलती माना। महिला ने शपथपत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और विवाह प्रमाणपत्र देकर सुधार की मांग की। 27 अक्टूबर 1995 को संशोधित आवंटन पत्र जारी हुआ।
महिला ने छह नवंबर 1995 को जवाब और भुगतान की रसीद जमा की, फिर भी उसका पक्ष सुने बिना प्लॉट रद्द कर दिया गया। हाईकोर्ट ने कहा कि प्राधिकरण का पक्ष सही मानने पर भी भुगतान में केवल चार महीने और 14 दिन की देरी हुई थी और महिला ने उसका उचित कारण बताया था, जिसे हुडा ने स्वीकार किया था।
10 लाख रुपये देने की पेशकश की गई
91,751 रुपये की शेष राशि फरवरी 2001 तक जमा होनी थी, लेकिन महिला ने अदालत के अंतरिम आदेशों के तहत पूरी रकम तीन जून 1997 को ही चुका दी। प्राधिकरण के अनुसार प्लॉट की मौजूदा बाजार कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक है। विवाद खत्म करने के लिए महिला ने 10 लाख रुपये देने की पेशकश की, जिसे अदालत ने उचित और निष्पक्ष माना।
अदालत ने महिला को दो महीने में 10 लाख रुपये जमा कराने और प्राधिकरण को उसके बाद छह सप्ताह में मालिकाना दस्तावेज तैयार कर खाली कब्जा सौंपने का निर्देश दिया। दस्तावेज तैयार कराने का खर्च महिला उठाएगी। तय अवधि में रकम जमा न होने पर याचिका खारिज मानी जाएगी।