पंजाब-हरियाणा HC ने रद्द किया संतान की बेदखली का आदेश, 3 सदस्यीय बेंच की जगह एक अधिकारी ने की थी सुनवाई
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने बुजुर्गों की संपत्ति से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो
HighLights
हाई कोर्ट ने ट्रिब्यूनल के बेदखली आदेश को रद्द किया
तीन सदस्यीय ट्रिब्यूनल का फैसला अकेले अध्यक्ष ने सुनाया था
मामला नए सिरे से सुनवाई के लिए ट्रिब्यूनल को भेजा गया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने बुजुर्गों की संपत्ति और अधिकारों से जुड़े मामले में स्पष्ट किया है कि जब सरकारी अधिसूचना के तहत किसी ट्रिब्यूनल का गठन तीन सदस्यों के साथ किया गया हो, तो उसका फैसला निर्धारित सदस्यों की वैधानिक पीठ के बिना नहीं सुनाया जा सकता। अध्यक्ष द्वारा अकेले पारित आदेश कानून की नजर में मान्य नहीं होगा।
जस्टिस कीर्ति सिंह ने अनिल शर्मा व अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए 19 मई 2026 को अपीलीय ट्रिब्यूनल, सोनीपत के आदेश को रद कर दिया। इसी आदेश के आधार पर याचिकाकर्ताओं को संबंधित मकान से बेदखल करने का निर्देश दिया गया था।
क्या है मामला?
मामले के अनुसार, माता-पिता ने एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 की धारा 21 और 22 के तहत आवेदन दिया था। रखरखाव न्यायाधिकरण-सह-उपमंडल मजिस्ट्रेट, सोनीपत ने 14 जनवरी 2026 को आवेदन स्वीकार किया।
इसके खिलाफ अनिल शर्मा और अन्य ने अपील की। अपीलीय ट्रिब्यूनल ने 19 मई 2026 को आदेश रद कर दिया। बाद में 22 अक्टूबर 2026 को आदेश वापस लेने की अर्जी खारिज कर याचिकाकर्ताओं को मकान से बेदखल करने का निर्देश दिया गया।
याचिकाकर्ताओं के वकील ने दलील दी कि हरियाणा सरकार की 17 नवंबर 2016 की अधिसूचना के अनुसार रखरखाव न्यायाधिकरण और अपीलीय ट्रिब्यूनल, दोनों तीन सदस्यीय हैं।
इनमें उपमंडल मजिस्ट्रेट और उपायुक्त क्रमशः अध्यक्ष होते हैं। इसके बावजूद अपीलीय ट्रिब्यूनल ने दो अन्य सदस्यों की अनुपस्थिति में फैसला सुनाया। दलील के समर्थन में एक फैसले का हवाला दिया गया।
उसमें कहा गया था कि तीन सदस्यीय न्यायाधिकरण में जिला मजिस्ट्रेट अकेले निर्णय नहीं ले सकते और फैसला सर्वसम्मति या बहुमत से होना चाहिए।
19 मई का आदेश वैधानिक पीठ के बिना पारित हुआ
सुनवाई में हरियाणा सरकार ने भी माना कि 19 मई का आदेश निर्धारित वैधानिक पीठ के बिना पारित हुआ था। हाई कोर्ट ने आदेश को अधिकार क्षेत्र के अभाव में पारित और कानून की नजर में शून्य माना। अदालत ने इसे रद कर मामला नए सिरे से सुनवाई के लिए ट्रिब्यूनल को भेज दिया।
दोनों पक्षों को 30 नवंबर 2026 को प्राधिकरण के समक्ष पेश होने और ट्रिब्यूनल को पर्याप्त सुनवाई के बाद दो महीने में फैसला करने का निर्देश दिया गया है। तब तक मकान पर यथास्थिति बनी रहेगी।