सड़क हादसे में पूरी तरह अक्षम हुए युवक का मुआवजा बढ़ा, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने 31.44 लाख रुपये देने का दिया आदेश
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सड़क हादसे में 100 फीसदी कार्यात्मक रूप से अक्षम युवक सोनू का मुआवजा 11.18 लाख से बढ़ाकर 31.44 लाख रुपये किया।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो
HighLights
हाईकोर्ट ने मुआवजा 11.18 लाख से बढ़ाकर 31.44 लाख किया
दिव्यांगता का आकलन रोजमर्रा की जिंदगी पर असर से होगा
युवक सोनू को 100% कार्यात्मक अक्षम माना गया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा है कि सड़क हादसे में दिव्यांगता का आकलन केवल मेडिकल प्रमाणपत्र में दर्ज प्रतिशत से नहीं, बल्कि चोटों के रोजमर्रा की जिंदगी और कमाने की क्षमता पर पड़े असर से भी होना चाहिए।
अदालत ने 80 प्रतिशत स्थायी शारीरिक दिव्यांगता वाले युवक को मुआवजे के आकलन के लिए 100 प्रतिशत कार्यात्मक रूप से अक्षम माना। उसका मुआवजा 11,18,150 रुपये से बढ़ाकर 31,44,950 रुपये कर दिया गया। बढ़ी हुई राशि पर दावा याचिका दाखिल करने की तारीख से 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश भी दिया गया।
साल 2024 में हुआ था हादसा
जस्टिस मंदीप पन्नू की अदालत में सुनवाई के दौरान बताया गया कि 22 अप्रैल 2014 को सुबह करीब आठ से साढ़े आठ बजे सोनू अपने रिश्तेदार वेद राम के साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर जा रहा था। एक टाटा सूमो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पलवल सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
हादसे के समय 20 वर्षीय सोनू सोहना स्थित इंदिरा गांधी औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में ड्राफ्ट्समैन का डिप्लोमा कर रहा था। उसके वकील ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ाता था, पिता के कृषि कार्यों में मदद करता था और उनके कारोबार की देखरेख भी करता था। उसकी मासिक आय करीब 30 हजार रुपये बताई गई।
1118150 रुपये तय किया गया था मुआवजा
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, पलवल ने पहले 80 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता के आधार पर 11,18,150 रुपये मुआवजा तय किया था। हाईकोर्ट ने पाया कि सिर की गंभीर चोट, मस्तिष्क की सर्जरी और तंत्रिका संबंधी समस्याओं के कारण सोनू की कार्यक्षमता पूरी तरह प्रभावित हुई है और वह रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भर है। अदालत ने बीमा कंपनी की यह दलील खारिज कर दी कि दिव्यांगता पूरे शरीर से संबंधित नहीं है।
अदालत ने अनुमानित मासिक आय सात हजार रुपये तय की और इसमें 40 प्रतिशत संभावित भविष्य की आय जोड़कर 9,800 रुपये माना। इस पर 18 का गुणक लगाया गया।
शादी की संभावनाएं और जीवन की सामान्य सुविधाएं छिनने के लिए तीन लाख रुपये, दर्द और पीड़ा के लिए एक लाख, देखभाल के लिए 60 हजार, विशेष भोजन के लिए 40 हजार और परिवहन के लिए 20 हजार रुपये दिए गए। पहले से स्वीकृत 5,08,150 रुपये का चिकित्सा खर्च बरकरार रखा गया। हाई कोर्ट ने सोनू की अपील आंशिक रूप से स्वीकार की। उसे पहले से तय मुआवजे से 20,26,800 रुपये अधिक मिलेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।