बेटे के इलाज पर खर्च किए ₹10.52 लाख, क्लेम के लिए भटके पिता; हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को दिया 3 महीने में फैसले का आदेश
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को एक पिता के बेटे के ईसीएमओ उपचार के 10.52 लाख रुपये के ...और पढ़ें

पंजाब-हरयाणा हाई कोर्ट (फाइल फोटो)
HighLights
पिता ने बेटे के ईसीएमओ उपचार पर 10.52 लाख खर्च किए
हाईकोर्ट ने सरकार को तीन महीने में क्लेम पर फैसला लेने को कहा
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक को न्यायिक फैसलों पर विचार करने का निर्देश
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। बेटे की जान बचाने के लिए अस्पताल में 10.52 लाख रुपये खर्च करने वाले पिता को मेडिकल क्लेम के निपटारे के लिए लंबे समय तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े।
अधिकारियों की ओर से फैसला नहीं होने पर पिता रवि शंकर ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। अदालत ने हरियाणा सरकार को तीन महीने के भीतर मामले पर निर्णय लेने का निर्देश दिया है।
जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की पीठ ने स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक को याचिकाकर्ता के कानूनी नोटिस पर संबंधित न्यायिक फैसलों के आलोक में विचार कर विस्तृत कारणों वाला आदेश पारित करने को कहा। अदालत ने स्पष्ट किया कि रवि शंकर मेडिकल प्रतिपूर्ति के पात्र पाए जाते हैं तो राशि तुरंत जारी की जाए।
निजी अस्पताल में कराया था भर्ती
याचिकाकर्ता के अनुसार, उनका आश्रित बेटा नौ फरवरी 2023 को गंभीर हालत में सरकार के पैनल में शामिल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने के लिए उसे ईसीएमओ मशीन पर रखा। यह जीवनरक्षक तकनीक गंभीर मरीजों में हृदय और फेफड़ों को काम करने में सहायता देती है। उपचार के दौरान बेटे की मृत्यु हो गई।
पिता ने चिकित्सा रिकार्ड के साथ 10 लाख 52 हजार 800 रुपये की प्रतिपूर्ति का दावा पेश किया था। इसमें ईसीएमओ प्रक्रिया और उससे जुड़ी उपभोग्य सामग्री का खर्च भी शामिल था।
याचिका के मुताबिक, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने सात फरवरी 2024 को ईसीएमओ खर्च पर स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक से स्पष्टीकरण मांगा। दो सितंबर 2024 को भी पत्राचार हुआ, लेकिन क्लेम पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ। अधिकारियों को कई प्रतिवेदन देने के बाद 29 अप्रैल 2026 को कानूनी नोटिस भेजा गया, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई।
13 हजार रुपये प्रतिदिन खर्च किए
याचिकाकर्ता ने ईसीएमओ और संबंधित सामग्री का खर्च सामान्य आइसीयू दर 13 हजार रुपये प्रतिदिन से अलग विशेष जीवनरक्षक उपचार खर्च मानकर प्रतिपूर्ति और 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मांगा था। सुनवाई में उनके वकील ने फिलहाल कानूनी नोटिस पर समयबद्ध फैसला करने की सीमित मांग रखी।
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक श्रीराम गोयल बनाम हरियाणा सरकार और स्वाति यादव बनाम हरियाणा सरकार के फैसलों को ध्यान में रखें और याचिकाकर्ता को सुनवाई का अवसर दें। प्रमाणित प्रति मिलने के तीन महीने के भीतर निर्णय लेकर इसकी जानकारी दी जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।