विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता की मौत के 31 साल बाद मांगी अनुकंपा नौकरी, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने लगाया एक लाख रुपये का जुर्माना

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:31 AM (IST)

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने पिता की मौत के 31 साल बाद अनुकंपा नौकरी मांगने वाले 51 वर्षीय व्यक्ति की याचिका खारिज कर दी है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट। सांकेतिक फोटो

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने 31 साल बाद अनुकंपा नौकरी याचिका खारिज की।

  2. याचिकाकर्ता पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

  3. शारीरिक मापदंड पूरे न होने पर पहले भी याचिका खारिज हुई।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने पिता की मौत के 31 साल बाद अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मांगने वाले 51 वर्षीय व्यक्ति की याचिका खारिज करते हुए उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। याचिकाकर्ता ने हरियाणा पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (एएसआइ) के पद पर नियुक्ति के लिए आयु और शारीरिक मापदंडों में छूट देने की मांग की थी।

अदालत ने याचिका को निरर्थक और परेशान करने वाली मुकदमेबाजी बताते हुए कहा कि इसी मांग पर पहले ही हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट फैसला दे चुके हैं।

जस्टिस निधि गुप्ता की पीठ ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य सरकारी कर्मचारी की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को तत्काल राहत देना है। यह ऐसा अधिकार नहीं है, जिसे कई दशक बाद भी कभी भी इस्तेमाल किया जा सके। याचिकाकर्ता के पिता हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। चार फरवरी 1995 को सेवाकाल के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।

हरियाणा सशस्त्र पुलिस में एएसआई पद का प्रस्ताव

इसके बाद याचिकाकर्ता की मां ने बेटे के लिए अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का आवेदन किया था। परिवार ने पिता से एक रैंक नीचे एएसआइ पद पर नियुक्ति की मांग की थी। वर्ष 1996 में शारीरिक मापदंड पूरे नहीं होने के कारण आवेदन लौटा दिया गया। वर्ष 1998 में उसे हरियाणा सशस्त्र पुलिस में एएसआइ पद का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन उसने जिला पुलिस कैडर में अंबाला में नियुक्ति की मांग करते हुए यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।

मानकों से लंबाई कम

वर्ष 2002 में हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता की याचिका का निपटारा करते हुए मेडिकल बोर्ड और भर्ती बोर्ड से उसकी जांच कराने का निर्देश दिया था। जांच में उसकी लंबाई और सीने का माप निर्धारित मानकों से कम पाया गया। एएसआइ पद के लिए न्यूनतम लंबाई पांच फुट सात इंच और सीने का माप 33 से 34.5 इंच होना जरूरी था, जबकि याचिकाकर्ता की लंबाई पांच फुट छह इंच और सीने का माप 31 से 32.5 इंच था।

वर्ष 2003 में हाई कोर्ट ने शारीरिक मापदंडों में छूट देने से इन्कार करते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी दिसंबर 2003 में उसकी विशेष अनुमति याचिका खारिज कर दी थी। वर्ष 2025 में उसकी नई मांग भी खारिज कर दी गई।

इसके बाद उसने फिर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पीठ ने याचिका खारिज करते हुए एक लाख रुपये चार सप्ताह के भीतर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जींद के पास जमा कराने का आदेश दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।