विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में वन विभाग के 831 पदों के लिए आज से PST शुरू, अभ्यर्थियों को रोडवेज में मुफ्त यात्रा

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:00 AM (IST)

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा वन विभाग में डिप्टी रेंजर, फारेस्टर और फारेस्ट गार्ड पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) 23 से 30 नवंबर तक करनाल में आयोजित किया जाएगा।

वन विभाग के 831 पदों के लिए पीएसटी आज से। सांकेतिक तस्वीर।

वन विभाग के 831 पदों के लिए पीएसटी आज से। सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. वन विभाग पीएसटी 23 से 30 नवंबर तक करनाल में।

  2. 16,424 अभ्यर्थी डिप्टी रेंजर, फारेस्टर, गार्ड पदों के लिए।

  3. पीएसटी में शामिल अभ्यर्थियों को रोडवेज में मुफ्त यात्रा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा वन विभाग में डिप्टी रेंजर, फारेस्टर एवं फारेस्ट गार्ड पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) का आयोजन 23 से 30 नवंबर तक करनाल में किया जाएगा। इन पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में सफल कुल 16 हजार 424 अभ्यर्थी पीएसटी में शामिल होंगे। इनमें 12 हजार 404 पुरुष और 4020 महिला अभ्यर्थी हैं।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने शनिवार को पीएसटी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पीएसटी का आयोजन आउटर रिंग रोड, गांव दादूपुर खुर्द, विवान होटल के नजदीक, एनएच-44, करनाल में होगा।

पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की दौड़ चार घंटे में तथा महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ चार घंटे में पूरी करनी होगी। पीएसटी स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सबसे पहले वेटिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा बैग रखने के लिए नि:शुल्क बैगेज काउंटर, बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद बिब नंबर तथा रजिस्ट्रेशन के बाद ट्रैकिंग चिप देने की व्यवस्था की गई है।

अभ्यर्थियों को स्टार्टिंग प्वाइंट से दौड़ शुरू करनी होगी। 12.5 किलोमीटर के पीएसटी ट्रैक पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यू-टर्न लेकर दौड़ पूरी करनी होगी। अंतिम छोर पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर अभ्यर्थी अपनी दौड़ पूरी करने का समय देख सकेंगे। एक से अधिक पदों के लिए शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक बार भाग लेना होगा।

प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। पीएसटी प्रक्रिया पूरी होने तक एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चिकित्सा आधार पर छूट प्राप्त करनी है तो इसके लिए आयोग कार्यालय, पंचकूला में रिप्रेजेंटेशन देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने साथ मेडिकल एवं अन्य संबंधित दस्तावेज अवश्य लेकर आएं।

पीएसटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। करनाल बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से भी मुफ्त बस सेवा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।