विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा पुलिस को वीकऑफ और शिफ्ट व्यवस्था देना बेहद आसान, पूर्व DGP ने बताया फार्मूला

Published: Fri, 09 Jan 2026 07:57 PM (IST)

पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह का कहना है कि राज्य सरकारों की इच्छाशक्ति की कमी के कारण पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह। फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह। फाइल फोटो

HighLights

  1. राज्य सरकारों की इच्छाशक्ति की कमी से साप्ताहिक अवकाश नहीं।

  2. पुलिस बल में 20-30 हजार कर्मियों की वृद्धि आवश्यक।

  3. शिफ्ट व्यवस्था से पुलिस की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य सुधरेगा।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। देश में पुलिस सुधारों के लिए 20 साल से काम कर रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह को यह कहने में बिल्कुल आपत्ति नहीं कि राज्य सरकारों की इच्छा शक्ति की कमी की वजह से 24-24 घंटे काम कर रहे पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश नहीं मिल रहे।

उन्हें मजबूरी में बिना रुके रोबोट की तरह दिन रात काम करना पड़ता है। कई राज्य सरकारों ने साप्ताहिक अवकाश लागू करने की जरूरत तो महसूस की, लेकिन वे इसे लागू करने के लिए कड़े फैसले नहीं ले सके। यह कोई बहुत मुश्किल काम भी नहीं है।

किसी भी राज्य के पुलिस बल में यदि 20 से 30 हजार पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी जाए तो साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था बड़ी आसानी से लागू हो सकती है।

पूर्व पुलिस महानिदेशक के प्रयासों की ही देन है कि हरियाणा सरकार ने डीजीपी का न्यूनतम कार्यकाल दो साल निर्धारित कर दिया है। प्रकाश सिंह ही वह अधिकारी हैं, जिन्होंने हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा की जांच की थी, लेकिन उनकी रिपोर्ट को आज तक सार्वजनिक नहीं किया जा सका।

प्रकाश सिंह पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो की उस रिपोर्ट का हवाला देते हैं, जो रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी कमल कुमार ने तैयार की थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक 96 प्रतिशत पुलिसकर्मियों को यह महसूस होता है कि घंटे की शिफ्ट व्यवस्था से पुलिस के कार्य-निष्पादन में सुधार आएगा।

84 प्रतिशत का विश्वास है कि शिफ्ट व्यवस्था और साप्ताहिक अवकाश लागू करने से किसी प्रकार की कठिनाई नहीं है।

65.7 प्रतिशत थाना कर्मचारी और 66.3 प्रतिशत वरिष्ठ पर्यवेक्षक अधिकारियों के अनुसार शिफ्ट सिस्टम कर्मचारियों के व्यक्तिगत/पारिवारिक जीवन और उनके सामाजिक दायित्व के लिए अधिक हितकर होगा।

कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव डालेगा

रिटायर्ड आइपीएस कमल कुमार की रिपोर्ट के अनुसार 66 प्रतिशत वरिष्ठ पर्यवेक्षक अधिकारियों को लगता है कि शिफ्ट सिस्टम उनके थाने के कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव डालेगा। पुलिस विभाग के वर्तमान कार्य प्रबंधन में विशेषकर थाना और जिला स्तर पर पुलिसकर्मियों की कार्य अवधि कहीं भी निश्चित नहीं है।

 

वैसे तो पुलिस कार्य को संचालित करने वाले अधिकतर कानूनों में भी पुलिस के काम करने के लिए कोई अवधि निश्चित नहीं की गई, बल्कि पुलिस को 24 घंटे काम पर माना जाएगा, ऐसा कहा गया है। कमल कुमार इस व्यवस्था को खारिज करते हैं, जिसका समर्थन पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह ने किया है।

प्रकाश सिंह का मानना है कि वोट की राजनीति प्रभावित है। राज्य सरकारों को मुफ्त की रेवड़ियां बांटने से फुरसत नहीं है। वे जब सब कुछ बांट चुके होते हैं, तब पुलिस सुधारों की सोचते हैं। फिर कहते हैं कि बजट नहीं है।

ऐसे में कैसे शिफ्ट व्यवस्था लागू होगी और कैसे पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिल पाएंगे। पुलिसकर्मी लगातार बीमार हो रहे हैं। उन पर मानसिक तनाव और दिन रात ड्यूटी करने का अतिरिक्त दबाव है। वे अपने परिवार की उचित देखभाल तक नहीं कर पाते। सामाजिक और पारिवारिक उत्तरदायित्वों से विमुख हो चुके हैं।

फिर उनसे गुणवत्तापूर्ण काम की उम्मीद कैसे की जा सकती है। राज्य सरकारों को पुलिस सुधार के लिए भी पैसा बचाकर रखना होगा। प्रकाश सिंह स्वयं ही जवाब देते हैं, ऐसा शायद इसलिए नहीं हो पाता होगा, क्योंकि पुलिसकर्मियों के वोट की जरूरत राज्य सरकारों को नहीं होती।

गुस्से में रहते हैं अधिकतर पुलिसकर्मी

रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी कमल कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक औसतन 10 से 16 घंटे और यहां तक कि 24-24 घंटे काम करने वाले पुलिसकर्मियों की हालत बिना अवकाश के खराब हो जाती है। न उनका स्वास्थ्य ठीक रहता है, न वह काम और परिवार में संतुलन बना पाते हैं, जिसका गुस्सा प्रायः संपर्क में आने वाली जनता पर निकलता है।

पुलिस कर्मियों की ड्यूटी में शिफ्ट सिस्टम को जनमैत्री पुलिस तथा बेहतर कार्य निष्पादन के लिए थाना स्तर पर लागू करना अनिवार्य है। इसे लागू करने के लिए अतिरिक्त जनबल का आकलन कर उसकी व्यवस्था करनी होगी।

इस रिपोर्ट में महिलाकर्मियों की संख्या 20 प्रतिशत तक लाने का सुझाव दिया गया है। संयोग से हरियाणा सरकार ने यह लक्ष्य निर्धारित भी कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार थाना स्तर पर शिफ्ट सिस्टम को लागू करना न केवल पुलिस के सर्वांगीण कार्य निष्पादन और व्यक्तिगत तथा व्यवासायिक जीवन के लिए आवश्यक है बल्कि यह आम जनता के लिए भी उतना ही आवश्यक है।

पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह के अनुसार, क्योंकि, थकी हुई हो या चुस्त दुरुस्त, पुलिस की आवश्यकता सबसे अधिक आम जनता को है। फिर, क्यों न सरकारें जनता और पुलिस बल के प्रति अपने दोहरे दायित्व का निर्वहन करते हुए इस कार्य शैली को अतिशीघ्र कार्यान्वित करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।