हरियाणा में टोल प्लाजा पर होगी पुलिस की तैनाती
हरियाणा में टोल प्लाजा पर हो रही है हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर पुलिसमर्मी तैनात किए जाएंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। राजमार्गों पर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पंजाब के बाद हरियाणा सरकार ने भी टोल प्लाजा पर पुलिस जवानों की तैनाती का फैसला किया है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में दायर जवाब में हरियाणा सरकार ने कहा है कि राजमार्गों पर पड़ने वाले टोल प्लाजा पर यात्रियों का सफर सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए अब टोल प्लाजा पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
जस्टिस राजन गुप्ता की अदालत में पेश किए गए हलफनामे में करनाल के पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एंड हाईवेज) अशोक कुमार ने कहा है कि टोल प्लाजा पर एंबुलेंस और फ्यूनरल वैन जैसे टोल छूट प्राप्त वाहनों के गुजरने के लिए अलग लेन बनाई जाएगी। वहीं सभी थाना प्रभारियों को स्थायी टोल प्लाजा पर पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश जारी कर दिए गए है। इसके अलावा पुलिस वेरिफिकेशन करने के लिए टोल प्लाजा का संचालन करने वाली कंपनियों को अपने सभी कर्मचारियों की सूची एसपी कार्यालय में भेजने को कहा गया है।
हलफनामे के अनुसार, टोल प्लाजा पर पीक आवर्स के दौरान आवश्यकता पडऩे पर तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के आदेश भी दिए गए हैं। टोल प्लाजा पर यात्रियों से होने वाली मारपीट और बदतमीजी को रोकने के लिए भी सभी थाना प्रभारियों को विशेष तौर पर निर्देश दिए गए हैं और उन्हें टोल प्लाजा पर एंबुलेंस और रिकवरी वैन जैसे वाहन की उपलब्धता भी सुनिश्चित बनाने को कहा गया है। थाना प्रभारियों को टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरा में सही रिकॉर्डिंग होने को भी सुनिश्चित बनाने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर निजी टोल टैक्स कंपनी द्वारा दोगुना टोल टैक्स वसूले जाने के खिलाफ दायर याचिका पर हाई कोर्ट के संज्ञान में लाया गया था। याची प्रमोद चौधरी और अन्यों में फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर 46 रुपये की बजाए 92 रुपये टोल टैक्स वसूलने जाने और इस मार्ग पर यातायात की भीड़ और कुप्रबंधन की शिकायत की थी।
सुनवाई के दौरान कोर्ट मित्र गौतम दत्त ने अदालत को बताया था कि यह मामला सिर्फ दुगुने टोल वसूली तक सीमित न होकर व्यवस्था प्रबंधन के विस्तृत प्रश्नों से जुड़ा था। इस पर जस्टिस राजन गुप्ता ने दोनों राज्य सरकारों पूछा था कि टोल प्लाजा पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था करना, संघीय जिम्मेवारी है या फिर इस किसी निजी कंपनी को सौंपा जा सकता है। इस मामले पर पंजाब सरकार ने पहले ही टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात किए जाने की सूचना हाई कोर्ट को दे दी थी।