हरियाणा स्थापना दिवस पर PM मोदी का बड़ा संदेश, खेल से लेकर सीमा सुरक्षा तक के योगदान को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और राज्य को गौरवशाली इतिहास व समृद्ध संस्कृति से सुसज्जित बताया।
-1793525798685_m.webp)
हरियाणा की गौरवशाली यात्रा पर पीएम मोदी ने बताया देश की शान।
HighLights
पीएम मोदी ने हरियाणा को देश की शान बताया
राज्य के 60 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई
सीएम सैनी ने विकसित हरियाणा का संकल्प लिया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने हरियाणा को गौरवशाली इतिहास, अद्भुत पराक्रम और समृद्ध संस्कृति से सुसज्जित देश की शान बताया।
रविवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं। प्रदेश की लोक परंपराओं और जीवंत ग्रामीण संस्कृति ने देश की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कृषि, खेल, रक्षा सेवाओं, उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और परिश्रम का लोहा मनवाया है। यहां के खिलाड़ी तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं, वहीं अन्नदाता देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने इस विशेष अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए आपसी भेदभाव भुलाकर हरियाणा को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लेने की अपील की। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने राज्य के गठन के लिए संघर्ष करने वालों और आधुनिक हरियाणा के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और खिलाड़ियों की मेहनत से हरियाणा देश के तेजी से विकसित होते राज्यों में शामिल हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरक जयंती आत्मचिंतन और भविष्य की योजनाएं बनाने का अवसर है। प्रदेश का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में अधिकतम योगदान देना है।
एक नवंबर 1966 को पंजाब से अलग होकर अस्तित्व में आए हरियाणा ने रविवार को स्थापना के 60 वर्ष पूरे कर हीरक जयंती वर्ष में प्रवेश किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंजाब समेत स्थापना दिवस मना रहे दस अन्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।