PM मोदी का हरियाणा दौरा, अंबाला में 800 करोड़ के शहीद स्मारक का करेंगे उद्घाटन; तैयारियों में जुटी नायब सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे की संभावना तेज हो गई है, जहां वे भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने और हरियाणा दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के हरियाणा दौरे की तैयारियों में जुटी नायब सरकार।
HighLights
पीएम मोदी का हरियाणा दौरा जल्द संभावित
भाजपा सरकार के दो साल, हरियाणा दिवस पर
अंबाला में शहीद स्मारक का उद्घाटन संभव
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने और हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रदेश दौरे की संभावना तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें हरियाणा आने का निमंत्रण दिया था।
राज्य सरकार चाहती है कि प्रधानमंत्री इन दोनों महत्वपूर्ण अवसरों में से किसी एक कार्यक्रम में शामिल हों। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से अभी दौरे की तारीख और स्थान को लेकर आधिकारिक सूचना का इंतजार है।
हरियाणा में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। सरकार के तीसरे कार्यकाल में पहले दो साल का कार्यकाल 17 अक्टूबर को पूरा हो रहा है, जबकि एक नवंबर को हरियाणा दिवस मनाया जाएगा। ऐसे में राज्य सरकार इन दोनों अवसरों को लेकर विशेष आयोजन की तैयारी में जुटी है।
संभावना है कि प्रधानमंत्री के दौरे को यादगार बनाने के लिए अंबाला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसमें भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में रैली भी हो सकती है।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण अंबाला में बनकर लगभग तैयार 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में निर्मित भव्य शहीद स्मारक हो सकता है।
इस स्मारक का निर्माण स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान और उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया है। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने भी संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होता है, तो शहीद स्मारक का लोकार्पण प्रदेश के ऐतिहासिक महत्व से जुड़े बड़े आयोजनों में शामिल हो सकता है। इसके साथ ही राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी संभावित कार्यक्रम का हिस्सा बन सकता है। हालांकि, इन आयोजनों को लेकर अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री के दौरे की आधिकारिक रूपरेखा सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
प्रधानमंत्री के सामने पेश होगा सरकार का दो साल का लेखा-जोखा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड तैयार करवा रहे हैं। इसमें पिछले दो वर्षों के दौरान सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी फैसलों का ब्योरा शामिल किया जाएगा। रैली के दौरान इसे प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुत किया जा सकता है।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भी पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से प्रदेश आने का अनुरोध किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। वह हरियाणा भाजपा के प्रभारी भी रह चुके हैं और प्रधानमंत्री बनने के बाद कई बार प्रदेश का दौरा कर चुके हैं।
