जमीन और कंपनी की हिस्सेदारी में जालसाजी का खेल, पंचकूला की महिला से करोड़ों की ठगी; 5 के खिलाफ FIR
पंचकूला की एक महिला के साथ जमीन और कंपनी की हिस्सेदारी में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया ...और पढ़ें

इन पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
जमीन के दाम बढ़ने के बाद शुरू हुआ विवाद।
कंपनी की 16.5% हिस्सेदारी फर्जी डीड से हड़पी।
दामाद सहित पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज।
राजेश मलकानियां, पंचकूला। करोड़ों रुपये की जमीन और कंपनी में हिस्सेदारी में जालसाजी कर पंचकूला निवासी महिला के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।
डेराबस्सी के गांव महीवाला में करीब 24,700 गज जमीन से जुड़ी कंपनी में महिला की 16.5 प्रतिशत हिस्सेदारी उसकी सहमति और हस्ताक्षर के बिना समाप्त कर दी गई। महिला को कोई भुगतान किए बिना फर्जी डीड तैयार कर उसका हिस्सा चार अन्य लोगों में बांट दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर डेराबस्सी थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रेखा गर्ग ने 17 फरवरी 2025 को गुलशन कुमार, दीपक गुप्ता, राजेश गर्ग और राघव गुप्ता के साथ मिलकर M/S Brick Built Wise LLP नाम से कंपनी बनाई थी।
कंपनी में रेखा गर्ग की 16.5 प्रतिशत, गुलशन कुमार की 50 प्रतिशत, राजेश गर्ग की 16.5 प्रतिशत, दीपक गुप्ता की 10 प्रतिशत और राघव गुप्ता की सात प्रतिशत हिस्सेदारी तय हुई थी। कंपनी ने रियल एस्टेट कारोबार के लिए गांव महीवाला में करीब छह किल्ले यानी 24,700 गज जमीन खरीदी थी।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, जमीन के दाम बढ़ने के बाद कंपनी की हिस्सेदारी को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गुलशन कुमार के बेटे मोहित कुमार के नाम 50 प्रतिशत हिस्सेदारी करवाई गई और बाद में मोहित ने दीपक गुप्ता से एक करोड़ रुपये लेकर अपने हिस्से का बयाना कर दिया। इस प्रक्रिया में रेखा गर्ग की सहमति नहीं ली गई।
16.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बिना भुगतान खत्म
पुलिस जांच में आरोप लगाया गया है कि 24 जनवरी 2026 को एक नई डीड तैयार की गई। इसमें रेखा गर्ग की सहमति और हस्ताक्षर के बिना उनकी 16.5 प्रतिशत हिस्सेदारी समाप्त कर दीपक गुप्ता, राघव गुप्ता, राजेश गर्ग और मोहित कुमार के बीच बांट दी गई।
आरोप है कि इस कथित डीड को इलेक्ट्रॉनिक पोर्टल पर भी अपलोड किया गया। पुलिस रिपोर्ट में इसे फर्जी डीड बताते हुए मूल पार्टनरशिप डीड की शर्तों का उल्लंघन माना गया है।
दामाद पर भी लगे गंभीर आरोप
इस मामले में एक अहम पहलू यह है कि आरोपित राघव गुप्ता शिकायतकर्ता रेखा गर्ग का दामाद है। पुलिस जांच रिपोर्ट के मुताबिक, राघव ने अपनी सास से कंपनी में उनका हिस्सा उसे देने के लिए कहा था, लेकिन रेखा गर्ग ने इससे इनकार कर दिया।
इसके बाद हिस्सेदारी को लेकर विवाद और गहरा गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उन्हें धमकियां भी दीं। दीपक गुप्ता, राघव गुप्ता, राजेश गर्ग, गुलशन कुमार और मोहित कुमार के खिलाफ डेराबस्सी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
मामले की आगे की जांच एएसआई अमरजीत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब कथित फर्जी डीड, कंपनी के दस्तावेजों, जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन की जांच करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।