नकली ग्राहक बनकर अंदर घुसा पुलिसकर्मी और खुल गई स्पा सेंटर की पोल, पंचकूला में 4 युवतियों का रेस्क्यू
पंचकूला क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-5 के बुद्धा इंटरनेशनल स्पा सेंटर पर छापा मारकर देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मैनेजर प्रतीक और एक ग्राहक कुमार निगम को गिरफ्तार कर चार युवतियों को बचाया।

पंचकूला में स्पा सेंटर पर छापा देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार।
HighLights
पंचकूला के बुद्धा इंटरनेशनल स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा
देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, मैनेजर और ग्राहक गिरफ्तार
चार युवतियों को बचाया गया, मालिक की भूमिका की जांच
जागरण संवाददाता, पंचकूला। शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने सेक्टर-5 स्थित बुद्धा इंटरनेशनल स्पा सेंटर पर छापामारी की।
पुलिस ने यहां कथित देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए स्पा सेंटर के मैनेजर प्रतीक और चंडीगढ़ निवासी कुमार निगम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार युवतियों का रेस्क्यू भी करवाया है।
पुलिस ने कार्रवाई से पहले एक पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर में भेजा था। वहां से मिली जानकारी और सूचना की पुष्टि होने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने सेंटर पर रेड की। इस दौरान पुलिस ने मैनेजर प्रतीक और वहां देह व्यापार के उद्देश्य से पहुंचे कुमार निगम को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त पंचकूला के दिशा-निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई है। रेस्क्यू करवाई गई चारों युवतियां भारतीय हैं और इनमें कोई भी विदेशी नागरिक शामिल नहीं है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मालिक और अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
एसीपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान स्पा सेंटर के मालिक और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचकूला में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही हैं। इसे देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सेक्टर-20 सहित अन्य क्षेत्रों के स्पा सेंटर भी पुलिस की निगरानी में हैं। जहां भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी विक्रम नेहरा ने कहा कि पुलिस समय-समय पर स्पा सेंटरों की जांच करती है। कई बार पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण कार्रवाई संभव नहीं हो पाती, लेकिन इस मामले में आवश्यक प्रक्रियाओं और कानूनी मानकों का पालन करते हुए कार्रवाई की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।