पंचकूला के तीन बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बच्चों को भेजा घर; पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
पंचकूला के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद बच्चों को तुरंत घर भेजकर पुलिस को ...और पढ़ें
HighLights
न्यू इंडिया, लिटिल फ्लावर और सतलुज पब्लिक स्कूल को धमकी।
बच्चों को तुरंत घर भेज पुलिस ने सघन तलाशी ली।
पुलिस को तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। शहर के तीन बड़े स्कूलों को वीरवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बच्चों को तुरंत घर भेज दिया और पुलिस को सूचना दी।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें सेक्टर-15 स्थित न्यू इंडिया सीनियर सेकंडरी स्कूल, सेक्टर-14 स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल और सेक्टर-4 स्थित सतलुज पब्लिक स्कूल शामिल हैं। तीनों स्कूलों को एक ही तरह का धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें स्कूल परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी।
ईमेल मिलते ही स्कूलों ने एहतियात के तौर पर सभी कक्षाएं खाली करा दीं। अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा गया। सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने तीनों स्कूलों की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। क्लासरूम, स्टाफ रूम, लाइब्रेरी, टॉयलेट और ग्राउंड की बारीकी से तलाशी ली गई। करीब दो घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद पुलिस ने कहा कि कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड ने संभाला मोर्चा
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ के सात स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पिछले कुछ महीनों से चंडीगढ़, पंचकूला, दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों, कोर्ट और सरकारी दफ्तरों को इसी तरह की फर्जी धमकियां मिल रही हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीनों स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
