शिमला टूर से लौट रहे पंचकूला के स्कूली बच्चों की बस पलटी, प्रिंसिपल और बच्चों समेत कई घायल
शिमला टूर से लौट रही पंचकूला के हेरिटेज लिटरा स्कूल की बस कोट गांव के पास पलट गई। इस हादसे में प्रिंसिपल, चेयरमैन, कोऑर्डिनेटर समेत कई बच्चे घायल हो गए।

कोट गांव के पास हादसा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
शिमला से लौट रही स्कूली बच्चों की बस पलटी।
प्रिंसिपल, स्टाफ और कई बच्चे हादसे में घायल हुए।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। शिमला टूर से लौट रहे स्कूली बच्चों की बस पलट गई। हादसा कोट गांव के पास शनिवार देर रात हुआ, जिसमें हेरिटेज लिटरा स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू सहित कई बच्चे घायल हुआ।
बस में 51 बच्चे और स्कूल स्टाफ के सदस्य सवार थे। सभी शिमला से शैक्षणिक भ्रमण कर वापस लौट रहे थे। रात करीब पौने 11 बजे चक्की मोड़ से आगे टंबू मोड़ के पास बस पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से बच्चों व स्टाफ सदस्यों को बस से बाहर निकाला गया। हादसे में कई बच्चों को चोटें आईं, जबकि घायल स्कूल स्टाफ सदस्यों को उपचार के लिए पंचकूला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।