दीवाली पर चंडीगढ़ से हरियाणा में शराब तस्करी का खुलासा पंचकूला पुलिस ने दबोचे दो तस्कर
पंचकूला पुलिस ने दीवाली के मौके पर चंडीगढ़ से हरियाणा में शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार ...और पढ़ें

पंचकूला में सेक्टर-23 में पकड़े दो तस्कर। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पंचकूला पुलिस ने चंडीगढ़ से हरियाणा में शराब तस्करी पकड़ी।
दीवाली के मौके पर दो तस्कर 27 पेटी शराब संग गिरफ्तार।
फोर्ड ईको स्पोर्ट्स गाड़ी जब्त, 6 दिन का पुलिस रिमांड।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। दीवाली के मौके पर चंडीगढ़ से हरियाणा में शराब तस्करी का मामला सामने आया है। पंचकूला पुलिस ने कार का पीछा कर दो तस्करों को दबोचा है। दोनों कुरुक्षेत्र के रहने वाले हैं। गाड़ी से 27 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल फोर्ड ईको स्पोर्ट्स गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
क्राइम ब्रांच-3 को सूचना मिली थी कि पंचकूला सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड से रामगढ़ की तरफ फोर्ड ईको स्पोर्ट्स गाड़ी में अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने डंपिंग ग्राउंड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
रात करीब 10 बजे घग्गर नदी पुल की तरफ से संदिग्ध गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी दौड़ा दी। पुलिस टीम ने सरकारी वाहन से पीछा कर रास्ता रोकते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
आरोपितों की पहचान 40 वर्षीय दीप सिंह और 28 वर्षीय शुभम के रूप में हुई। दोनों कुरुक्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान गाड़ी से इम्पीरियल ब्लू की छह, रॉयल जनरल की चार, मैकडॉवेल्स की पांच, रॉयल स्टैग की आठ और किंगफिशर बीयर की चार पेटियां बरामद हुईं। सभी पेटियों में 12-12 बोतलें थीं।
दोनों के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज किया गया है और अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपितों ने शराब चंडीगढ़ के एक ठेके से खरीदने की बात बताई है।
अब पुलिस शराब बेचने वाले और इसे खरीदने वाले लोगों की पहचान करने के साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।