पिता कौन? स्कूल में बच्चे को जन्म देने वाली छात्रा से दुष्कर्म का आरोपित बरी; पंचकूला में DNA रिपोर्ट पर फैसला
पंचकूला फास्ट ट्रैक कोर्ट ने स्कूल में बच्चे को जन्म देने वाली नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोपित विपिन कुमार ...और पढ़ें

पंचकूला कोर्ट का फैसला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
जबरन संबंध बनाने के दावों की पुष्टि नहीं।
20 गवाह भी साबित नहीं कर पाए आरोप।
जन्म के बाद बच्चे को कूड़ेदान में फेंका था।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। स्कूल के वाशरूम में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के बच्चे को जन्म देने के तीन साल पुराने मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपित युवक विपिन कुमार (23) को बरी कर दिया। अदालत में अभियोजन पक्ष न तो छात्रा से दुष्कर्म के आरोप साबित कर सका और न ही जबरन संबंध बनाने व वीडियो के जरिए धमकाने के दावों की पुष्टि कर पाया।
डीएनए जांच में भी विपिन नवजात का जैविक पिता नहीं पाया गया। इसके अलावा छात्रा के अलग-अलग समय पर दिए गए बयानों में विरोधाभास और पुलिस जांच की खामियां भी आरोपित को संदेह का लाभ देने का आधार बनीं।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले विपिन के खिलाफ चंडीमंदिर थाने में मई 2023 में पाॅक्सो अक्ट के तहत केस दर्ज कर किया गया था। अभियोजन ने कुल 20 गवाह पेश किए, लेकिन अदालत ने माना कि आरोपों को संदेह से परे साबित करने के लिए पर्याप्त विश्वसनीय सबूत नहीं हैं।
शुरुआत में सहमति से संबंध बनाने की बात कही
अदालत के अनुसार, छात्रा ने 19 मई 2023 को शुरुआती बयान में विपिन के साथ अगस्त 2022 से संबंध होने की बात कही थी। उसने तब संबंधों को सहमति से बना बताया और जबरदस्ती या धमकी से इनकार किया था।
15 मई 2023 को स्कूल के वाशरूम में उसने बच्चे को जन्म दिया था। छात्रा ने गर्भावस्था की जानकारी नहीं होने और बच्चे में हलचल न देखकर उसे मृत समझकर कूड़ेदान में रखने की बात कही थी।
तीन महीने बाद लगाए अलग आरोप
22 मई 2023 को मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में भी छात्रा ने संबंधों को सहमति से बना बताया था, लेकिन 21 अगस्त 2023 के दूसरे न्यायिक बयान में उसने जबरदस्ती, वर्ष 2021 और जून 2022 की घटनाओं और वीडियो के नाम पर धमकी देने के आरोप लगाए। अदालत ने इन विरोधाभासों को गंभीर माना।
वीडियो बरामद नहीं, डीएनए रिपोर्ट भी मैच नहीं
जांच में कथित आपत्तिजनक वीडियो और संबंधित मोबाइल फोन बरामद नहीं हुए। छात्रा और उसकी मां ने भी वीडियो देखने से इनकार किया। 12 सितंबर 2025 की डीएनए रिपोर्ट में विपिन का डीएनए सैंपल बच्चे के साथ नहीं मिला, जिससे उसे बच्चे का जैविक पिता नहीं पाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।