विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल पांच दिन बाद खत्म, कल से संभालेंगे कामकाज; मरीजों को बड़ी राहत

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:51 PM (IST)

पंचकूला के सिविल अस्पताल में पांच दिन से जारी नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल स्वास्थ्य महानिदेशक से बातचीत के बाद खत्म हो गई है। कर्मचारी सोमवार से काम पर लौटेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य होंगी।

नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन ने आंदोलन वापस लेने का फैसला लिया।

नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन ने आंदोलन वापस लेने का फैसला लिया।

HighLights

  1. स्वास्थ्य महानिदेशक के साथ बैठक के बाद बनी सहमति।

  2. निलंबित कर्मियों को ड्यूटी पर लेने का आश्वासन मिला।

  3. हड़ताल अवधि को सीएल में बदलने का भी आश्वासन।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में पांच दिन से जारी नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डा. मनीष बंसल के साथ हुई बैठक के बाद हरियाणा नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया।

सहमति बनने के बाद नर्सिंग कर्मचारी सोमवार से दोबारा ड्यूटी संभालेंगे। इससे अस्पताल में प्रभावित हो रही स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रविवार को स्वास्थ्य महानिदेशक से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। बैठक में मुख्य रूप से निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने और हड़ताल अवधि के वेतन से जुड़े मुद्दे उठाए गए।

महानिदेशक ने निलंबित कर्मचारियों को दोबारा ड्यूटी पर लेने और हड़ताल के पांच दिनों को आकस्मिक अवकाश (सीएल) में समायोजित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद एसोसिएशन ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी।

प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डा आरएस चौहान और एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने भी हड़ताल खत्म होने की पुष्टि की। कर्मचारियों के काम पर लौटने से अस्पताल में इलाज और मरीजों की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाएं पटरी पर लौटने की संभावना है।

सात कर्मचारियों के निलंबन से शुरू हुआ था विवाद

सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में हार्ट पेशेंट आशीष कुमार की मौत के मामले में छह नर्सिंग अधिकारियों और एक चतुर्थ श्रेणी के कर्मी के निलंबन के विरोध में नर्सिंग स्टाफ ने कामकाज बंद कर दिया था। कर्मचारियों ने निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर पांच दिनों तक आंदोलन जारी रखा।

इस दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब स्वास्थ्य महानिदेशक के आश्वासन के बाद विवाद सुलझने और अस्पताल की व्यवस्थाएं सामान्य होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।