विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गूगल पे पर अनजान लिंक हटाना पड़ा महंगा, क्लिक करते ही बैंक खाते से 2.39 लाख रुपये गायब; पंचकूला में FIR

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:05 AM (IST)

पंचकूला में एक व्यक्ति को गूगल पे पर अनजान लिंक हटाना महंगा पड़ गया, जिससे उसके यूनियन बैंक खाते से ...और पढ़ें

कुछ ही देर में 2.39 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। (सांकेतिक फोटो)

कुछ ही देर में 2.39 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1.  बैंक खाते से हुई एक के बाद एक कई ट्रांजेक्शन।

  2. ठगी का पता चलते ही मोबाइल रिसेट किया।

  3. साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। गूगल पे पर आया एक अनजान लिंक हटाने की कोशिश करना सेक्टर-14 की मंडी बोर्ड काॅलोनी निवासी व्यक्ति को महंगा पड़ गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसके यूनियन बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन हुई और कुछ ही देर में 2.39 लाख रुपये खाते से निकल गए।

ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने मोबाइल रिसेट किया और बैंक को सूचना दी। अब साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पीड़ित पिछले करीब 20 वर्षों से चंडीगढ़-पंचकूला में कुकिंग का काम करता है।

6 सितंबर की शाम करीब 7 बजे वह घर पर था और दोस्त को काम के पैसे ऑनलाइन भेजने के लिए गूगल पे खोल रहा था। इसी दौरान एप पर एक लिंक दिखाई दिया। उसने लिंक को हटाने का प्रयास किया, लेकिन लिंक नहीं हटा। इसके बाद उसने उस पर क्लिक कर दिया।

क्लिक करते ही आने लगे रकम कटने के मैसेज

लिंक पर क्लिक करने के कुछ ही समय बाद उसके मोबाइल पर यूनियन बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। लगातार रकम कटने के बाद उसे साइबर ठगी का शक हुआ। उसने तुरंत मोबाइल फोन रिसेट कर दिया और बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।

बाद में बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर सामने आया कि खाते से कुल 2 लाख 39 हजार रुपये अलग-अलग आनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जा चुके थे। साइबर थाना पुलिस अब लिंक, ट्रांजेक्शन और रकम जिन खातों में गई, उनकी जानकारी जुटा रही है।