विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी और बिजली बिल में राहत के नाम पर ठगी का आरोप, महिला को पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से जमानत

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:40 PM (IST)

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने नौकरी दिलाने और बिजली बिल कम कराने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में लवली सिंगला को नियमित जमानत दे दी है।

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट (फोटो- जागरण आर्काइव)

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट (फोटो- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. नौकरी और बिजली बिल कम कराने के नाम पर धोखाधड़ी।

  2. आरोपी लवली सिंगला को हाई कोर्ट ने दी नियमित जमानत।

  3. अदालत ने कहा, अनिश्चितकाल तक हिरासत में रखना उचित नहीं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने नौकरी दिलाने और बिजली बिल कम कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में लवली सिंगला उर्फ लवली को नियमित जमानत दे दी है।

जस्टिस शालिनी सिंह नागपाल की पीठ ने फैसले में कहा कि आरोपों की सच्चाई मुकदमे की सुनवाई के बाद तय होगी और महिला को अनिश्चितकाल तक जेल में रखना उचित नहीं है।

3.83 लाख रुपये लेने का आरोप

शिकायतकर्ता सलिंदर कुमार के अनुसार, लवली और उसके सह आरोपितों ने विश्वास हासिल कर पंचकूला स्थित बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक से अच्छे संबंध होने का दावा किया और चार लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए चार लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये आनलाइन लिए गए। बिजली बिल कम कराने के नाम पर 3.83 लाख रुपये लेने का भी आरोप है।

जांच में नियुक्ति पत्र और बिजली बिलों से जुड़े अनापत्ति प्रमाणपत्र कथित तौर पर फर्जी पाए गए। बराड़ा थाने में 22 मई 2025 को प्राथमिकी दर्ज हुई थी। बाद में भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।

आठ अप्रैल से न्यायिक हिरासत में महिला

महिला ने अदालत को बताया कि वह आठ अप्रैल 2026 से न्यायिक हिरासत में है, जांच पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र दाखिल हो चुका है। सह आरोपितों को जमानत मिल गई है। हरियाणा सरकार ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि महिला की भूमिका प्रमुख थी और उसके खिलाफ दो अन्य मामले भी दर्ज हैं।

हाई कोर्ट ने कहा कि मामला मजिस्ट्रेट अदालत में विचारणीय है। 15 गवाहों में से किसी की गवाही दर्ज नहीं हुई और सुनवाई जल्द पूरी होने की संभावना नहीं है। पर्याप्त जमानत और मुचलके की शर्त पर राहत देते हुए पीठ ने स्पष्ट किया कि मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।