इमिग्रेशन फ्राॅड! अमेरिका भेजने के नाम पर 35 लाख की ठगी, पंचकूला पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
पंचकूला में एंटी इमिग्रेशन फ्राड यूनिट ने अमेरिका भेजने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन ...और पढ़ें

विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जांच में मानव तस्करी के तथ्य सामने आए।
पुलिस ने तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार।
'डंकी रूट' से भेजा, 14 लाख रुपये बरामद।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। अमेरिका भेजने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंचकूला पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में थाना रायपुररानी में मामला दर्ज किया गया था।
जांच में पता चला कि पटियाला निवासी संदीप कुमार (पटियाला), पंचकूला के सेक्टर-3 निवासी पवन उर्फ पम्मी और दिल्ली के प्रीतमपुरा के सतनाम सिंह ने मिलकर पंचकूला के गांव गढ़ी कोटाहा निवासी कृष्ण लाल और उसके बेटे को अमेरिका भेजने का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठग लिए।
आरोपितों ने पहले रिश्तेदारी का फायदा उठाकर पीड़ित का विश्वास जीता और वर्क वीजा के नाम पर भरोसा दिलाया कि उसका बेटा कानूनी तरीके से अमेरिका भेजा जाएगा। बैंक ट्रांजेक्शन से बचने के लिए पूरी रकम नकद में ली और पीड़ित से जमीन तक बिकवा दी।
दिसंबर 2023 में आरोपितों ने दावा किया कि युवक का वर्क वीजा लग चुका है और उसे दिल्ली एयरपोर्ट से भेज दिया गया, लेकिन बाद में पता चला कि युवक को गैरकानूनी तरीके से डंकी रूट से भेजा गया, जहां उसे हिरासत में ले लिया गया और बाद में भारत डिपोर्ट कर दिया गया।
पूरे मामले में आरोपितों ने पीड़ित को लंबे समय तक झूठे बहानों से गुमराह किया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो टालमटोल की। एंटी इमिग्रेशन फ्राड यूनिट ने आरोपितों को गिरफ्तार किया। जांच में मानव तस्करी के तथ्य सामने आने पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं और उनके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। अब तक 14 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
