विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी पर था अवैध संबंधों का शक, सिर में ईंट मार उतारा मौत के घाट; पंचकूला कोर्ट ने दिया दोषी करार

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:49 PM (IST)

पंचकूला अदालत ने पत्नी की हत्या के चार साल पुराने मामले में पति सरवन बिंड को दोषी करार दिया है। अवैध संबंधों के शक में उसने अपनी पत्नी ममता के सिर पर ईंट से वार कर हत्या की थी, सजा पर फैसला बुधवार को होगा।

कोर्ट बुधवार को सुनाएगी सजा पर फैसला। (सांकेतिक फोटो)

कोर्ट बुधवार को सुनाएगी सजा पर फैसला। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. सजा पर बुधवार को सुनाया जाएगा फैसला।

  2. नाबालिग बेटे की गवाही बनी अहम सबूत।

  3. सबूतों के आधार पर कोर्ट ने सुनाया फैसला।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पत्नी की हत्या के चार साल पुराने मामले में जिला अदालत ने शनिवार को पति सरवन बिंड को दोषी करार दिया। सेशन जज बिक्रमजीत अरोड़ा की अदालत बुधवार को सजा पर फैसला सुनाएगी। सरवन मूल रूप से बिहार के पटना जिले के गांव मधुबन पथराहट का रहने वाला है।

घटना के समय वह परिवार के साथ रायपुर रानी में रहता था। सरवन अपनी पत्नी ममता के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते थे। उसने बच्चों के सामने ममता के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।

रायपुर रानी थाना पुलिस ने जुलाई 2022 में उसके खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया था। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील प्रदीप शर्मा ने अदालत में सबूत पेश किए। मामले में सरवन के नाबालिग बेटे की गवाही अहम साबित हुई।

बेटे ने बताया कि उसके पिता ने ही ईंट से वार कर उसकी मां की हत्या की थी। उसकी गवाही और अन्य सबूतों के आधार पर अदालत ने सरवन को दोषी करार दिया।

सरवन रायपुर रानी थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करता था और परिवार के साथ भट्ठे के पास बनी झुग्गी में रहता था। वह ममता के अवैध संबंधों को लेकर शक करता था और इस बात पर उससे झगड़ा करता था। सरवन चार बच्चों का पिता है।

रात में हत्या, सुबह खून से लथपथ मिला शव

घटना आठ जुलाई 2022 की रात की है। सरवन और ममता के बीच झगड़ा हुआ था। अगली सुबह पास की झुग्गी में रहने वाले धनंजय ने सरवन के बच्चों को झुग्गी के बाहर रोते देखा। वह अंदर गया तो ममता का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था।

सरवन भी वहां मौजूद था। उसने धनंजय को बताया कि रात में पत्नी से झगड़े के दौरान गुस्से में उसने ईंट से वार कर ममता की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सरवन फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।