विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला नागरिक अस्पताल का स्टाफ हड़ताल पर, प्राइवेट कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:11 PM (IST)

पंचकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में हड़ताल जारी है। ऐसे में पुलिस बल की तैनाती और निजी कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है।

HighLights

  1. पंचकूला नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल जारी है।

  2. निलंबित कर्मचारियों के समर्थन में एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन किया।

  3. पुलिस सुरक्षा में निजी स्टाफ से अस्पताल में काम हो रहा।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की आह्वान पर हड़ताल जारी है।

सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में नर्स, अन्य मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मरीजों की परेशानी को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती में अब प्राइवेट अस्पतालों से कर्मचारियों को लाकर काम करवाया जा रहा है।

पंचकूला स्थित नागरिक अस्पताल में मरीज आशीष कुमार (अब मृतक) के इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में नर्सिंग स्टाफ को निलंबित किया गया है। संगठन ने इस कार्रवाई को पूरी तरह एकतरफा और अन्यायपूर्ण करार दिया है।

आरोप लगाया गया है कि पंचकूला अस्पताल में 11 अक्टूबर को मरीज के इलाज में हुई लापरवाही के न तो वास्तविक कारणों का पता लगाया गया और न ही नर्सिंग स्टाफ का पक्ष सुना गया।

अस्पताल प्रशासन द्वारा गठित जांच कमेटी में नर्सिंग का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया और न ही उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।

पदाधिकारियों का कहना है कि एकतरफा और गलत जांच के आधार पर नर्सिंग स्टाफ को दोषी ठहराते हुए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई, जिसके परिणामस्वरूप छह नर्सिंग आफिसर्स और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स को निलंबित कर दिया गया। इसी कार्रवाई के विरोध में हड़ताल जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।