एक दिन, चार प्रमुख धार्मिक स्थल और किराया मात्र 110 रुपये; पंचकूला में Hop On Hop Off बस कराएगी यात्रा
पंचकूला में शुक्रवार से इलेक्ट्रिक हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा शुरू हो रही है, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक मात्र 110 रुपये में पूरे दिन चार प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।

पंचकूला में शुक्रवार से शुरू हो जाएगी इलेक्ट्रिक हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा।
HighLights
पर्यटकों को अलग-अलग बसों सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
माता मनसा देवी से काली माता मंदिर तक का सफर।
आरती समय के अनुसार बसों का संचालन होगा।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। माता मनसा देवी के दर्शन करने के बाद चंडी माता मंदिर, पिंजौर गार्डन और कालका स्थित काली माता मंदिर जाने के लिए अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अलग-अलग बसों या निजी वाहनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
पंचकूला के चार प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए शुक्रवार से इलेक्ट्रिक हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि महज 110 रुपये का टिकट लेकर यात्री पूरे दिन इन सभी स्थानों तक आने-जाने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस सेवा के शुरू होने से न केवल बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी परिवार के साथ एक दिन में शहर के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर करना आसान होगा।
प्रत्येक बस का प्रतिदिन छह राउंड ट्रिप
इस सेवा के तहत दो इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। दोनों बसों का निर्धारित रूट करीब 28 से 29 किलोमीटर का होगा। इसमें श्री माता मनसा देवी मंदिर, बस स्टैंड, चंडी मंदिर, पिंजौर गार्डन और कालका स्थित काली माता मंदिर को जोड़ा जाएगा। यात्री निर्धारित टिकट लेकर दिनभर इस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रत्येक बस प्रतिदिन छह राउंड ट्रिप लगाएगी।
आरती को ध्यान में रखकर समय सारिणी
इस सेवा का एक खास पहलू यह भी है कि बसों की समय-सारिणी धार्मिक स्थलों पर होने वाली आरती के समय को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इससे श्रद्धालु केवल मंदिरों में दर्शन ही नहीं, बल्कि आरती में शामिल होने की योजना भी बना सकेंगे। पर्यटकों के लिए पिंजौर गार्डन घूमने का विकल्प भी इसी यात्रा में शामिल होगा।
खासकर सप्ताहांत, नवरात्र और धार्मिक अवसरों पर पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है। चंडीगढ़, मोहाली, जीरकपुर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग भी एक ही दिन में इन प्रमुख स्थलों की यात्रा की योजना बना सकेंगे।
110 रुपये के टिकट पर यात्री पूरे दिन इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। बसों का समय मंदिरों की आरती को ध्यान में रखकर तय किया गया है, ताकि लोगों को दर्शन और आरती दोनों के लिए पर्याप्त सुविधा मिल सके। इससे पंचकूला के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने में मदद मिलेगी। -सुखदेव सिंह, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज पंचकूला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।