विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जाॅली LLB की कहानी पंचकूला कोर्ट में दोहराई, साबित नहीं हुआ कौन चला रहा था कार? हिट एंड रन केस में युवती बरी

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:24 PM (IST)

पंचकूला कोर्ट ने हिट एंड रन केस में युवती को बरी कर दिया, क्योंकि पुलिस साबित नहीं कर पाई कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। यह मामला 'जॉली एलएलबी' फिल्म की कहानी जैसा था, जहां गवाह ड्राइवर की पहचान नहीं कर सके।

पंचकूला जिला अदालत का फैसला। (सांकेतिक फोटो)

पंचकूला जिला अदालत का फैसला। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. हिट एंड रन मामले में युवती बरी।

  2. गवाहों ने आरोपित की पहचान नहीं की।

  3. फरवरी 2025 में हुआ था सड़क हादसा।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। बाॅलीवुड फिल्म जाॅली एलएलबी की कहानी पंचकूला कोर्ट में दोहराई गई। फिल्म और हकीकत के कोर्ट रूम में केवल इतना अंतर था कि फिल्म पर हिट एंड रन केस में आरोपित को सजा हो गई थी।

हालांकि, पंचकूला कोर्ट में गवाह आरोपित युवती की पहचान नहीं कर सके और अदालत ने फतेहाबाद की अर्पिता को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। जिस कार से हादसा हुआ था उसे कौन चला रहा था, पुलिस भी यह साबित करने में नाकाम रही।

अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर सका कि हादसे के समय दुर्घटना वाली कार को अर्पिता ही चला रही थी। मामले के शिकायतकर्ता और एक अन्य अहम गवाह ने अदालत में कहा कि उन्होंने न तो हादसा होते देखा और न ही मौके पर कार चालक की पहचान की थी।

हादसा 21 फरवरी 2025 को हुआ था। दर्ज मामले के अनुसार चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर क्लीनर का काम करने वाले रमेश्वर और नंद लाल जीरकपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर पुल के पास पैरापीट पर पेंटिंग का काम कर रहे थे।

सुबह करीब 10 बजे पुराने पंचकूला की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने नंद लाल को टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर और बाजुओं पर चोटें आईं। उसे पहले सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

वहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने कार का नंबर एचआर-22यू-6550 बताया था और दावा किया था कि उसे एक युवती चला रही थी। इसी आधार पर सेक्टर-7 थाना पंचकूला में एफआईआर दर्ज की थी।

गवाहों ने कहा- मौके पर ड्राइवर को नहीं देखा था

अदालत में शिकायतकर्ता रमेश्वर ने कहा कि हादसा उसकी मौजूदगी में नहीं हुआ था। वह आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा था और उसने आरोपित को घटनास्थल पर नहीं देखा था। दूसरे अहम गवाह प्रिंस ने भी स्वीकार किया कि उसने आरोपित को मौके पर नहीं देखा।

दोनों गवाह अदालत में मौजूद अर्पिता की पहचान कार चालक के रूप में नहीं कर सके। वहीं, अदालत ने कहा कि केवल कार का नंबर और पुलिस की जांच के आधार पर आरोप साबित नहीं किए जा सकते। ऐसे में अर्पिता को संदेह का लाभ देते हुए आरोपों से बरी कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।