विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर नेटवर्क का भंडाफोड़, पाकिस्तान से आई 6 करोड़ की हेरोइन; ट्राईसिटी होनी थी सप्लाई

Published: Tue, 07 Apr 2026 07:13 PM (IST)

पंचकूला क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब के जलालाबाद निवासी ...और पढ़ें

3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद।

3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद।

HighLights

  1. 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन, 15 लाख ड्रग मनी जब्त।

  2. पंजाब का रहने वाला नशा तस्कर गिरफ्तार।

  3. हरियाणा में हेरोइन की दूसरी सबसे बड़ी बरामदगी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। छह करोड़ की हेरोइन और 15 लाख ड्रग मनी के साथ नशा तस्कर की गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। हेरोइन की खेप पाकिस्तान से मंगवाई गई थी और इसे एक सप्ताह के अंदर ट्राईसिटी में सप्लाई किया जाना था।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पंचकूला के कुंडी गांव के पास से पकड़ा गया नशा तस्कर 23 वर्षीय लवजोत सिंह मूलरूप से पंजाब के जलालाबाद का रहने वाला है। 

वर्तमान में चंडीगढ़ में किराये के मकान में रहकर ट्राईसिटी में नशे का जाल फैला रहा था। उसके पास से 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 6 करोड़ से अधिक आंकी गई है।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लवजोत सिंह बीसीए ग्रेजुएट है और उसने यह खेप सीधे पाकिस्तान बाॅर्डर से लाने का काम किया था। सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका चार दिन का रिमांड हासिल किया है।

ऐसे पकड़ में आया नेटवर्क

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां 3 अप्रैल को हुई एक अन्य गिरफ्तारी से जुड़ी हैं। रायपुररानी के टाबर गांव से डेराबस्सी निवासी साहिल को 310 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। साहिल ने बताया था कि वह नशा बुआ के लड़के सतनाम सिंह से लाता था। पुलिस ने जाल बिछाकर 5 अप्रैल को सतनाम सिंह को दबोचा, जिसने पूछताछ में बताया कि उसका मुख्य सप्लायर लवजोत सिंह है।

हरियाणा में दूसरी सबसे बड़ी बरामदगी

डीसीपी ने दावा किया कि हरियाणा में इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की यह दूसरी बड़ी बरामदगी है और पंचकूला जिला पुलिस के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने बताया कि पुलिस 'ड्रग फ्री हरियाणा' के संकल्प को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 6 करोड़ की हेरोइन की यह बरामदगी केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सीमा पार से चल रहे एक बड़े सप्लाई चेन पर हमारा कड़ा प्रहार है।