विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक मंच पर हरियाणा की 4 पीढ़ियां; 1935 के दिग्गजों से लेकर विनेश-सुरजेवाला तक होंगे शामिल; ओम बिरला-CM सैनी करेंगे शिरकत

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:40 AM (IST)

हरियाणा विधानसभा पंचकूला में एक जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित कर रही है, जिसमें राजनीति की चार पीढ़ियां एक मंच पर होंगी। ...और पढ़ें

एक मंच पर दिखेगी हरियाणा की चार पीढ़ियों की विधायी विरासत।

एक मंच पर दिखेगी हरियाणा की चार पीढ़ियों की विधायी विरासत।

HighLights

  1. हरियाणा विधानसभा द्वारा पंचकूला में जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन

  2. राजनीति की चार पीढ़ियां एक मंच पर होंगी उपस्थित

  3. संवैधानिक मूल्यों और विकसित हरियाणा पर होगा मंथन

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति और विधायी इतिहास की चार पीढ़ियां सोमवार को एक ही मंच पर नजर आएंगी। मौका होगा हरियाणा विधानसभा की ओर से पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन का।

इस सम्मेलन की खासियत केवल वर्तमान और पूर्व विधायकों का जमावड़ा नहीं, बल्कि एक ही मंच पर दशकों के संसदीय अनुभव, राजनीतिक सफर और नई पीढ़ी के प्रतिनिधित्व का संगम होना है। अब तक 57 वर्तमान विधायकों और 176 पूर्व विधायकों ने सम्मेलन में शामिल होने की सहमति दी है।

सम्मेलन में चार पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, कंवर पाल गुर्जर, कुलदीप शर्मा और डॉ. रघुवीर सिंह कादियान तथा दो पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव और आजाद मोहम्मद की मौजूदगी रहेगी।

इसके अलावा सात-सात बार विधायक चुने जा चुके डॉ. रघुवीर सिंह कादियान और कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी अपने लंबे विधायी अनुभव के साथ आकर्षण का केंद्र होंगे। छह बार विधायक रहे नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह सम्मेलन में शामिल होंगे। कैप्टन अजय सिंह यादव के भी पहुंचने की संभावना है।

इस सम्मेलन में उम्र और अनुभव का अंतर भी खास दिलचस्पी पैदा करेगा। प्रदेश के वरिष्ठतम पूर्व विधायकों में शामिल गणपत राय और ओपी भारद्वाज इसमें भाग लेंगे। दोनों का जन्म वर्ष 1935 में हुआ था। गणपत राय का जन्म जून और ओपी भारद्वाज का जुलाई में हुआ था। महिला जनप्रतिनिधियों में वरिष्ठतम आयु की प्रमुख उद्योगपति सावित्री जिंदल की उपस्थिति उल्लेखनीय रहेगी।

वहीं, नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व सबसे युवा विधायक आदित्य सुरजेवाला और सबसे युवा महिला विधायक विनेश फौगाट करेंगी। वर्ष 1998 में जन्मे आदित्य सुरजेवाला और वर्ष 1994 में जन्मीं विनेश फौगाट की मौजूदगी सम्मेलन को पीढ़ियों के मेल का स्वरूप देगी। एक तरफ करीब छह दशक का विधायी अनुभव रखने वाले वरिष्ठ चेहरे होंगे तो दूसरी तरफ लोकतांत्रिक व्यवस्था में नई जिम्मेदारियां संभाल रही युवा पीढ़ी।

संवैधानिक मूल्यों और विकसित हरियाणा पर होगा मंथन

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों, हरियाणा की विकास यात्रा और विकसित हरियाणा के लक्ष्य में जनभागीदारी की भूमिका पर व्यापक विचार-विमर्श करना है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यपाल प्रो. असीम घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में इस बात पर चर्चा होगी कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधि किस तरह प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।