विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में कांग्रेस के मार्च में शक्ति प्रदर्शन, हुड्डा के इंतजार में 1 घंटे रुका काफिला; दीपेंद्र ने लहराया संविधान

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:06 PM (IST)

पंचकूला में हरियाणा कांग्रेस ने 'संविधान रक्षा मार्च' निकाला, जिसमें पार्टी की ताकत दिखी और संविधान व चुनावी प्रक्रिया पर कथित हमलों का विरोध किया गया।

संविधान रक्षा मार्च में दिखा कांग्रेस का दम, हुड्डा के इंतजार में एक घंटे थमे रहे कदम।

संविधान रक्षा मार्च में दिखा कांग्रेस का दम, हुड्डा के इंतजार में एक घंटे थमे रहे कदम।

HighLights

  1. पंचकूला में हरियाणा कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च।

  2. भूपेंद्र हुड्डा के इंतजार में मार्च एक घंटा रुका।

  3. संविधान व चुनावी प्रक्रिया पर हमले का विरोध।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च के दौरान जहां कांग्रेस नेताओं की आपसी खींचतान नजर आई, वहीं लंबे समय से सक्रिय चल रहे पार्टी संगठन की ताकत भी देखने को मिली।

कांग्रेस विधायक जहां विधानसभा के विशेष सत्र में व्यस्त थे, वहीं जिला प्रधानों, ब्लाक अध्यक्षों और कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के नेताओं ने संविधान रक्षा मार्च में मोर्चा संभाला। लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया जरूर अपने समर्थकों को लेकर संविधान रक्षा मार्च में पहुंचे। इस दौरान भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इंतजार में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च करीब एक घंटे तक रुका रहा। इस बीच कुछ वरिष्ठ नेता अपने समर्थकों के साथ आगे बढ़ गए और डा. भीमराव अंबेडकर चौक पर पहले ही पहुंच गए।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को पुलिस बैरिकेड के पास गाड़ी की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं को रुकने का इशारा करना पड़ा। हाथ में संविधान की प्रति लेकर उसे लहराते दीपेंद्र हुड्डा का यह अंदाज चर्चा में रहा।

कांग्रेस ने मार्च के लिए दोपहर दो बजे का समय निर्धारित किया था। सेक्टर-26 स्थित महाराणा प्रताप भवन से मार्च शुरू होना था। हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के चलते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक चर्चा में शामिल थे। हुड्डा समय पर नहीं पहुंच सके।

उनके इंतजार में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सहित अन्य नेता रुके रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां, पंचकूला के विधायक एवं पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन और कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी अपने समर्थकों के साथ आगे बढ़ते रहे। तीनों नेता मार्च करते हुए करीब एक घंटे पहले ही अंबेडकर चौक पहुंच गए।

इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के बीच नेताओं के आपसी तालमेल को लेकर चर्चा छेड़ दी, लेकिन प्रभारी व अध्यक्ष द्वारा विपक्ष के नेता का इंतजार करना उनके प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। हुड्डा विधानसभा में मोर्चा संभाले थे, जबकि उनके सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ संविधान रक्षा मार्च में मोर्चा संभाल रखा था।

बाद में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मार्च महाराणा प्रताप भवन से डा. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंचा। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और संविधान की रक्षा की शपथ ली गई।

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि जनता का वोट किसी पार्टी की जागीर नहीं है। मताधिकार पर हमला हुआ तो कांग्रेस सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकार और सम्मान की गारंटी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी है।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूचियों से कथित तौर पर अवैध रूप से हटाए गए नाम बहाल करने की मांग उठाई। युवक कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

हरियाणा कांग्रेस के सभी गुटों के नेता हुए शामिल

हरियाणा कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में सभी गुटों के नेता शामिल हुए। उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा और गुजरात व कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला अपने राज्यों में गए हुए थे। पंचकूला में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, डा. अशोक तंवर और धर्मपाल मलिक, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया, हिसार के सांसद जयप्रकाश, पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, विधायक परमवीर सिंह, विधायक अकरम खान, विधायक भरत सिंह बेनीवाल, विधायक राजबीर फरटिया, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक मेवा सिंह, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी, कांग्रेस सेवादल की प्रधान पूनम चौहान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज और कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन संजीव भारद्वाज सहित अनेक वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, जिला व ब्लाक अध्यक्ष तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।