पंचकूला में घर की सहायिका ही निकली चोर, दीवाली मनाने के बहाने 10 लाख के गहने लेकर हुई थी फरार
पंचकूला में एक घरेलू सहायिका ने मालकिन के घर से करीब 10 लाख रुपये के गहने चुरा लिए। पुलिस ने ...और पढ़ें

मालकिन के गहने लेकर फरार हुई घरेलू सहायिका गिरफ्तार। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
घरेलू सहायिका ने मालकिन के घर से गहने चुराए।
करीब 10 लाख रुपये के गहने चोरी हुए थे।
पुलिस ने आरोपी सहायिका को गिरफ्तार कर गहने बरामद किए।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। घर में काम और देखभाल के लिए रखी घरेलू सहायिका ही मालकिन के घर से करीब 10 लाख रुपये के गहने चोरी कर ले गई। सेक्टर-28 के मकान में हुई चोरी के मामले में पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 ने आरोपित कविता को गिरफ्तार कर गहने बरामद कर लिए हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर की रहने वाली है और फिलहाल सेक्टर-28 में रह रही थी।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार, पीड़िता ने 10 नवंबर को सेक्टर-25 पुलिस चौकी में शिकायत दी कि घर की अलमारी से गहने गायब हैं। घर में दो महिलाएं घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थीं और वहीं रहती थीं। इनमें से एक 30 अक्टूबर को अपनी बुआ की बीमारी का हवाला देकर घर चली गई थी।
इसके बाद कविता ने दीवाली मनाने के लिए छुट्टी मांगी और छह नवंबर की शाम बैग लेकर घर से निकल गई। अगले दिन, सात नवंबर को पीड़िता की मां ने अलमारी से गहने गायब होने की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना चंडीमंदिर में चोरी का मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच-1 प्रभारी मनोज कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कविता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये के चोरी किए गए गहने बरामद हुए।
पुलिस कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने लोगों से घरेलू सहायकों को काम पर रखने से पहले पुलिस सत्यापन कराने और उनकी पहचान व स्थायी पते की जानकारी रखने की अपील की है।