पंचकूला क्लब फायरिंग केस में अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा, पंजाब के दो इनामी गिरफ्तार
पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें पंजाब के दो इनामी आरोपितों को गिरफ्तारी ...और पढ़ें

हरियाणा एटीएस ने आरोपित किए गिरफ्तार।
HighLights
अब तक नौ आरोपी पकड़े जा चुके।
हरियाणा एटीएस ने की कार्रवाई।
अमेरिका से जुड़े हैंडलर से संपर्क।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में 13 सितंबर को हुई फायरिंग की जांच में अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े होने के पहलुओं का खुलासा हुआ है। हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने मामले में दो और इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान बलविंद्र सिंह उर्फ छनकु और सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के फाजिल्का जिले के रहने वाले हैं। बलविंद्र पर 50 हजार और सुखविंद्र पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनकी गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक नौ आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
पुलिस मुख्यालय में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एटीएस के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहे थे। एसओजी अंबाला की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। अदालत ने दोनों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
अमेरिका में बैठे हैंडलरों से संपर्क
एसपी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि नेटवर्क के कुछ सदस्य अमेरिका में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। स्थानीय स्तर पर आरोपितों को रहने के लिए ठिकाने, वाहन और धनराशि उपलब्ध कराई जाती थी।
नेटवर्क के जरिए हथियारों, नशीले पदार्थों और ड्रग मनी को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने की गतिविधियों की जांच की जा रही है। सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ भेजे जाने तथा स्थानीय हैंडलरों की भूमिका को भी खंगाला जा रहा है।
हेरोइन, हथियार और गाड़ियां बरामद
एटीएस इससे पहले सात आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनकी निशानदेही पर तीन गाड़ियां, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 529 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और नकदी गिनने वाली तीन मशीनें बरामद की गई हैं। क्लब में हुई फायरिंग के दौरान एक युवती घायल हुई थी।
इस संबंध में थाना सेक्टर-5 में केस दर्ज किया गया था। एटीएस अब आरोपितों के मोबाइल फोन, वित्तीय लेन-देन, हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन तथा विदेश में बैठे हैंडलरों से संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान नए आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।