विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिश्वत मामले में पूर्व BSNL अधिकारी को झटका, जज बदलने की अर्जी पंचकूला CBI कोर्ट ने की खारिज

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:50 AM (IST)

पंचकूला सीबीआई कोर्ट ने रिश्वत मामले में पूर्व बीएसएनएल अधिकारी आदेश कुमार गुप्ता की जज बदलने की अर्जी खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि कोई भी पक्ष मनमाफिक आदेश न मिलने पर पीठासीन अधिकारी बदलने की मांग नहीं कर सकता।

पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई। (सांकेतिक फोटो)

पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. अदालत ने कहा, मनमाफिक आदेश पर जज नहीं बदल सकते।

  2. मामला वर्ष 2018 का है, आरोपित हैं आदेश कुमार गुप्ता।

  3. फरीदाबाद में बीएसएनएल के प्रिंसिपल जनरल मैनेजर थे।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सीबीआई के रिश्वत मामले में पूर्व बीएसएनएल अधिकारी आदेश कुमार गुप्ता को अदालत से झटका लगा है। विशेष सीबीआई अदालत ने उनकी रिक्यूजल अर्जी खारिज कर दी। इसमें उन्होंने विशेष जज विजयंत सहगल से मामले की सुनवाई से अलग होने की मांग की थी।

उनका आरोप था कि अदालत का रवैया उनके प्रति निष्पक्ष नहीं है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। 27 नवंबर को सुनाए फैसले में अदालत ने कहा कि किसी पक्ष को अपने खिलाफ आदेश आने या अर्जी खारिज होने के आधार पर जज बदलने की मांग करने का अधिकार नहीं है।

मामला वर्ष 2018 का है। उस समय आदेश कुमार गुप्ता फरीदाबाद में बीएसएनएल के प्रिंसिपल जनरल मैनेजर (पीजीएम) थे। आरोप है कि उन्होंने बिल पास करने के बदले शिकायतकर्ता से सह-आरोपित कमल मेवानी के माध्यम से 51 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।

शिकायत और 19 अप्रैल 2018 की सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर सीबीआइ ने कार्रवाई की। जांच के बाद 18 जून 2018 को आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।

आदेश गुप्ता ने अर्जी में छोटी तारीखें देने, उनकी अर्जियां उसी दिन खारिज करने, वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से पेशी की अनुमति नहीं देने और शिकायतों पर उचित सुनवाई नहीं करने सहित कई आरोप लगाए थे। उन्होंने इसे निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन बताया।

पीठासीन अधिकारी का व्यक्तिगत या आर्थिक हित नहीं

सीबीआई ने अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि आरोपित अलग-अलग अर्जियां दाखिल कर सुनवाई में देरी कर रहे हैं। रिकॉर्ड देखने के बाद अदालत ने कहा कि पीठासीन अधिकारी का मामले से कोई व्यक्तिगत या आर्थिक हित जुड़ा नहीं है। न्यायिक आदेश से असहमति का समाधान ऊपरी अदालत में अपील करना है, न कि जज बदलने की मांग करना।

अदालत ने कहा कि हाईकोर्ट ने एक सितंबर 2026 को मामले का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए थे। आरोपित ने भी जल्द सुनवाई की मांग की थी, इसलिए छोटी तारीखें तय करना पक्षपात नहीं है। अदालत ने अर्जी खारिज करते हुए फिलहाल जुर्माना नहीं लगाया, लेकिन अनावश्यक अर्जियों से सुनवाई में देरी न करने की चेतावनी दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।