विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओलिंपिक के लिए पंचकूला में तैयार होंगे निशानेबाज, 110 करोड़ से बनेगी वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:00 AM (IST)

पंचकूला के सेक्टर-32 में 110 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू हो गया है। यह कॉम्प्लेक्स जून 2028 तक तैयार हो जाएगा।

सेक्टर-32 में विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का निर्माण शुरू।

सेक्टर-32 में विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का निर्माण शुरू।

HighLights

  1. सेक्टर-32 में 110 करोड़ की लागत से निर्माण शुरू।

  2. जून 2028 तक तैयार होगा तीन मंजिला आधुनिक कॉम्प्लेक्स।

  3. अंतरराष्ट्रीय मानकों की 10, 25, 50 मीटर शूटिंग रेंज।

राजेश मलकानियां, पंचकूला। ओलिंपिक समेत अन्य शूटिंग प्रतियोगिताओं के लिए पंचकूला में निशानेबाज तैयार होंगे, क्योंकि सेक्टर-32 में करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का निर्माण शुरू हो गया है।

इस अत्याधुनिक शूटिंग कॉम्प्लेक्स के तैयार होने से पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली समेत हरियाणा के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे शहरों की शूटिंग रेंज पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर की शूटिंग रेंज विकसित की जाएंगी।

परियोजना को 15 जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथाॅरिटी (पीएमडीए) की ओर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करवाया जा रहा है। परियोजना का कुल एग्रीमेंट अमाउंट 109 करोड़ 79 लाख 78 हजार 153 रुपये है। निर्माण कार्य 16 जून 2026 को शुरू हुआ था।

फ्रंट बाउंड्री वाॅल का काम पूरा 

फिलहाल निर्माण एजेंसी की ओर से परिसर की फ्रंट बाउंड्री वाॅल का काम पूरा कर लिया गया है और परियोजना के पहले चरण का निर्माण कार्य जारी है। यह निर्माण कार्य पीएमडीए के एक्सईएन एनके पायल की देखरेख में होगा।

साढ़े नौ एकड़ में बनेगा आधुनिक काॅम्प्लेक्स

शूटिंग रेंज का निर्माण करीब साढ़े नौ एकड़ जमीन पर किया जा रहा है। शुरुआती योजना में इसके लिए 13.75 एकड़ जमीन प्रस्तावित थी, लेकिन जमीन की उपलब्धता और सीमाओं को देखते हुए परियोजना का दायरा संशोधित किया गया।

यहां जी-प्लस-2 यानी ग्राउंड फ्लोर के अलावा दो मंजिलों वाली आधुनिक इमारत तैयार की जाएगी। इसमें निशानेबाजों की जरूरतों के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को ध्यान में रखकर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इलेक्ट्राॅनिक टारगेट और डिजिटल स्कोरिंग सिस्टम 

इस शूटिंग कॉम्प्लेक्स में 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर की अलग-अलग शूटिंग रेंज बनाई जाएंगी। इनमें अत्याधुनिक इलेक्ट्राॅनिक टारगेट, डिजिटल स्कोरिंग और रैंकिंग सिस्टम स्थापित होंगे।

खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अभ्यास और प्रदर्शन का आकलन करने की सुविधा मिलेगी। परियोजना की योजना में हथियारों और गोला-बारूद के इंतजामों के लिए करीब 35 करोड़ रुपये के खर्च का भी प्रावधान बताया गया है।

वीआईपी लाउंज से लेकर ब्राॅडकास्ट रूम तक

कॉम्प्लेक्स को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग, सीसीटीवी सर्विलांस, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, लिफ्ट और रिन्यूएबल एनर्जी सिस्टम की व्यवस्था होगी।

इसके अलावा वीआईपी लाउंज, दर्शक दीर्घा, मीडिया एवं ब्रॉडकास्ट रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और डाइनिंग एरिया भी विकसित किए जाएंगे। इससे यहां केवल खिलाड़ियों का अभ्यास ही नहीं, बल्कि बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो सकेगा।

ट्राईसिटी के इन निशानेबाजों ने चमकाया नाम

चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्र ने देश को कई बेहतरीन निशानेबाज दिए हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली अंजुम मौदगिल का नाम प्रमुख है। अंजुम ने विश्व चैंपियनशिप और कामनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।

वहीं अर्जुन बबूटा ने पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यशस्विनी सिंह देसवाल और मलाइका गोयल जैसे नाम भी चंडीगढ़ की शूटिंग प्रतिभा की पहचान रहे हैं।

पंजाब और हिमाचल के खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ

फिलहाल पंचकूला और आसपास के कई खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-25 स्थित शूटिंग रेंज पर निर्भर रहना पड़ता है। नई शूटिंग रेंज बनने के बाद पंचकूला के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के निशानेबाजों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

इससे ट्राईसिटी और आसपास के क्षेत्रों में शूटिंग खेल को बढ़ावा मिलने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के नए खिलाड़ी तैयार होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।