विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SIR से छूटे 10 लाख से अधिक मतदाता फिर से जुड़वा सकेंगे नाम, हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:09 PM (IST)

हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल न करा पाने वाले 10.37 लाख लोगों को अब दोबारा आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

SIR से छूटे 10 लाख से अधिक मतदाता फिर से जुड़वा सकेंगे नाम।

SIR से छूटे 10 लाख से अधिक मतदाता फिर से जुड़वा सकेंगे नाम।

HighLights

  1. 10.37 लाख मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अवसर।

  2. अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत मतदाताओं के मामलों की दोबारा जांच होगी।

  3. राजनीतिक दल बीएलए के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाएंगे।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान गणना प्रपत्र जमा नहीं करा पाने के कारण मतदाता सूची के प्रारूप में जगह नहीं बना सके लोगों को अपना नाम शामिल कराने का एक और अवसर मिलेगा।

भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को राहत देते हुए अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए दोबारा आवेदन करने का रास्ता खोल दिया है। इस फैसले से प्रदेश में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं के मामलों की दोबारा जांच का अवसर मिलेगा।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 1 करोड़ 72 लाख 72 हजार 627 मतदाताओं ने निर्धारित अवधि में अपने प्रपत्र वापस जमा करा दिए।

इन्हीं के आधार पर 31 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल किए गए थे। शेष मतदाताओं में 10 लाख 37 हजार 708 को अनुपस्थित व अन्य कारणों से, 7 लाख 66 हजार 3 को मृत, 13 लाख 74 हजार 759 को स्थानांतरित और 2 लाख 4 हजार 832 को पहले से दर्ज अथवा दोहरी प्रविष्टि के रूप में चिह्नित किया गया था। अब जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हो सके, उन्हें अपनी पात्रता साबित कर नाम जुड़वाने का अवसर दिया जाएगा।

बूथवार सूचियां नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर होंगी उपलब्ध

निर्वाचन विभाग ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूचियां संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी निकाय कार्यालयों और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित करेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा की वेबसाइट पर भी ये सूचियां पीडीएफ प्रारूप में उपलब्ध कराई जाएंगी।

इनमें नाम शामिल नहीं होने के संभावित कारण भी बताए जाएंगे। मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पास विधिवत भरा गणना प्रपत्र जमा करा सकेंगे।

पुराने ईपीआइसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआइएनईटी एप से भी प्रपत्र डाउनलोड किया जा सकता है। आनलाइन आवेदन के लिए ई-साइन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

41,216 बीएलए की मदद से राजनीतिक दल चलाएंगे जागरूकता अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को जागरूक करें और उनके प्रपत्र भरवाने में सहयोग करें। प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के कुल 41 हजार 216 बीएलए हैं।

इनमें भाजपा के 19 हजार 644, कांग्रेस के 17 हजार 217, इनेलो के 2,265 और जजपा के 1,180 बीएलए शामिल हैं। हरियाणा में ही दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हुए मतदाताओं को फार्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं होगी।

उन्हें नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण, निर्धारित घोषणा पत्र तथा निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। वहीं, जिन लोगों ने नए पंजीकरण के लिए पहले ही फार्म-6 जमा करा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र भरने की जरूरत नहीं होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।